गुरुग्राम में मिट्टी में दबने से 7 लोगों की मौत:7 घंटे चला रेस्क्यू, 40 फीट गहरे गड्‌ढ़े में मिले शव; 4 घायलों में 3 की हालत गंभीर

गुरुग्राम में सिदरावली स्थित ग्लोबल सिग्नेचर सोसाइटी में सोमवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन एसटीपी (STP) प्लांट के लिए खोदे गए 40 फीट गहरे गड्ढे में अचानक मिट्टी खिसकने से 7 मजदूरों की मौत हो गई। करीब 7 घंटे तक चले भारी रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद मलबा हटाया जा सका, लेकिन तब तक सात परिवारों के चिराग बुझ चुके थे। हादसे में 4 घायल हैं, जिनमें से 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है। मंगलवार की सुबह जब ग्लोबल सिग्नेचर सोसाइटी में सूरज की पहली किरण पड़ी, तो वहां का नजारा बेहद खौफनाक दिखा। रात भर चले NDRF और SDRF के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद मिट्‌टी में फंसे मजदूरों को निकाल लिया गया था। सुबह चारों तरफ बिखरा मलबा, मुड़ी हुई सरिया और खून से सनी मिट्टी बड़े हादसे की गवाही दे रही थी। सिदरावली गांव के सरपंच का कहना है कि एसटीपी (सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट) के लिए 30 से 40 फीट नीचे बेसमेंट बनाया जा रहा था। नीचे सरिया लगाकर एक 5 फीट की दीवार की गई थी। इस दीवार के गिरने से ही हादसा हुआ। घटना के बाद बिल्डर ने सोसाइटी के मेन गेट पर बाउंसर खड़े कर दिए, किसी को भी अंदर नहीं जाने दिया गया। सूचना मिलते ही बिलासपुर थाना पुलिस और SDRF और NDRF की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम ने मजदूरों को मिट्‌टी और मलबे से निकालने के लिए घंटों तक ऑपरेशन चलाया। पुलिस अधिकारियों ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर रात बचाव कार्य शुरू कराया। अब सिलसिलेवार पढ़िए…कैसे हुआ हादसा हादसे में इन 7 लोगों की मौत गुरुग्राम के सिग्नेचर ग्लोबल हादसे में कुल 7 लोगों की जान गई है, जिनकी पहचान शिवशंकर (बनिहारा), परमेश्वर मेहटो (होन्डई), मंगल मेहटो (हाथी बिन्दा), भागीरथ गोपे (पोहिता, जमशेदपुर), सतीश (बुरका जडथल नगर, भरतपुर), संजीव गोपे (पोहिता, जमशेदपुर) और धनंजय मेहटो (होन्डई) के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में घायल हुए चार व्यक्तियों का उपचार जारी है, जिनमें नेपाल निवासी इंद्रजीत, छोटेलाल और शिवकाम चौधरी के साथ बांदीकुई के रहने वाले दीनदयाल शर्मा शामिल हैं। डिस्ट्रिक्ट हेडक्वार्टर से 40 किलोमीटर दूर साइट सिदरावली में बनी सिग्नेचर ग्लोबल सोसाइटी गुरुग्राम डिस्ट्रिक्ट हेडक्वार्टर से करीब 40 किलोमीटर दूर है। जबकि यहां से राजस्थान बॉर्डर करीब 10 किलोमीटर ही दूर है। पुलिस जांच में सामने आया है कि सभी मृतक मजदूरों के पहचान पत्रों पर मानेसर का पता है। मृतक हेल्पर, फिटर और ऑपरेटर जैसे विभिन्न पदों पर कार्यरत थे। 7 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि रात करीब साढ़े तीन बजे तक राहत बचाव कार्य चला। स्थिति अब कंट्रोल में है। सभी मजदूरों को निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 7 मजदूरों की मौत गई, जबकि 3 का इलाज चल रहा है। मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। उनके बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को किया सूचित सिग्नेचर ग्लोबल हादसे को लेकर गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि पुलिस टीम द्वारा मृतक व घायल व्यक्तियों के परिजनों से संपर्क किया गया है तथा उन्हें घटना के संबंध में सूचित किया गया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। परिजनों के आने पर उनसे शिकायत प्राप्त करके मामले में केस दर्ज किया जाएगा। इसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। घटना के जिम्मेवार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा घटना के संबंध में सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) व राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की टीम को मौके पर बुलाया गया था। जिनके द्वारा पुलिस और प्रशासन के साथ मिल कर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया जो रात लगभग 03:30 बजे तक जारी रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *