गुरुग्राम में रैपिड मेट्रो के जेई पर लुटेरों का हमला:ड्यूटी से लौट रहे, हाथापाई कर मोबाइल छीनकर भागे, दादरी के रहने वाले

गुरुग्राम में ड्यूटी से लौट रहे रैपिड मेट्रो के जेई पर हमले का मामला सामने आया है। ऑटो से उतर कर पैदल चल रहे जेई को आरोपियों ने गोशाला ग्राउंड के पास घेर लिया और हाथापाई शुरू कर दी। दोनों युवकों ने उनसे मोबाइल छीन लिया। जेई ने किसी तरह मौके से भागकर जान बचाई और सुरक्षित जगह पर जाकर पुलिस को कॉल किया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। फिलहाल पुलिस ने जेई हार्दिक की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मोबाइल फोन लूट की एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक ये पता नहीं चल पाया है कि आरोपियों ने केवल लूटपाट के लिए हाथापाई की थी या फिर हमले की कोई और वजह थी। ड्यूटी से लौट रहे थे जेई पुलिस को दी शिकायत में चरखी दादरी के रहने वाले और रैपिड मेट्रो के सिकंदरपुर स्टेशन पर बतौर जूनियर इंजीनियर तैनात हार्दिक ने बताया कि वह माता रोड स्थित कुलदीप पीजी में रहता है। 20 फरवरी की रात करीब 9:30 बजे वह ड्यूटी खत्म करके अपने पीजी में लौट रहा था। जब वह बस स्टैंड के नजदीक गोशाला ग्राउंड स्थित शिव मंदिर के पास पहुंचा तो दो युवकों ने उसे घेर लिया। अचानक बोला हमला उन्होंने बताया कि दो व्यक्तियों ने अचानक उन पर हमला बोल दिया। वह कुछ समझ पाता तब तक आरोपियों ने हाथापाई करते हुए उसका रेडमी Y3 मोबाइल फोन छीन लिया। वह किसी तरह उनके चंगुल से छुटकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचा और पुलिस को कॉल की। पुलिस मौके पर पहुंची घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर 14 थाना पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। बाद में जेई ने थाने पहुंचकर घटना का पूरी जानकारी दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान हो सके। शाम के समय रहता है अंधेरा जेई ने बताया कि वारदात के समय अंधेरा था और सामने एक रेहड़ी वाला खड़ा था। वह भी डर गया। बाद में पता चला कि इस क्षेत्र में पहले भी इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी है। कुछ लोग तो बदमाशों के डर के मारे पुलिस के पास शिकायत करने भी नहीं पहुंचते। पुलिस जांच कर रही इस बारे में सेक्टर 14 थाना पुलिस की तरफ से बताया गया है कि मोबाइल लूट की एफआईआर दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है। लोगों से सतर्क रहने और कम रोशनी वाले रास्तों से अकेले निकलने से बचने की भी अपील की गई है। पुलिस ने आरोपियों को जल्द पकड़ने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *