गुरुग्राम में सिटी बस ने कार को मारी टक्कर:दोस्त से मिलकर आ रहे युवक की मौत, कापसहेड़ा बॉर्डर के पास हुआ हादसा

गुरुग्राम में कापसहेड़ा बॉर्डर रोड पर सीएनजी पेट्रोल पंप के पास एक रोड एक्सीडेंट में कार सवार युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान सेक्टर-41 स्थित लॉसम-2 सोसाइटी में रहने वाले संभव निगम के रूप में हुई है। वह अपने दोस्त से मिलकर घर जा रहा था। उसी समय सिटी बस ने उसकी एमेज कार को टक्कर मार दी। हादसे में संभव की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस को दी शिकायत में मृतक संभव की मां जेनीफर एडवर्ड्स ने बताया कि उसका बेटा अपनी होंडा अमेज लेकर पालम विहार में दोस्त से मिलने गया था। मिलने के बाद वह घर लौट रहा था। जब वह कापसहेड़ा बॉर्डर के नजदीक सीएनजी पेट्रोल पंप के पास पहुंचा, तभी गुरुग्राम की ओर से आ रही सिटी बस ने तेज रफ्तार में उसकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। मौके पर ही मौत हो गई टक्कर इतनी भीषण थी कि अमेज गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और संभव निगम की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना का मुख्य कारण बताया जा रहा है। परिवार में शोक माहौल जेनीफर एडवर्ड्स ने बताया कि उनका बेटा अभी युवावस्था में था और परिवार की उम्मीदें उससे जुड़ी थीं। परिवार में शोक का माहौल बना हुआ है। वहीं स्थानीय लोग बार-बार तेज रफ्तार बसों की शिकायत करते रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। पुलिस जांच कर रही पालम विहार थाने के जांच अधिकारी पवन ने बताया कि यह हादसा मोलाहेड़ा मोड़ के पास हुआ है। यह दुर्घटना संभावित क्षेत्र है। एक्सीडेंट की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। बस ड्राइवर के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गुरुगमन सिटी बस डिपो में ड्राइवर की डिटेल मंगवाई गई है। जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *