गुरुग्राम में एक बार फिर सड़क पर लापरवाह ड्राइवरों की गुंडागर्दी ने लोगों की जान खतरे में डाल दी। धनवापुर इलाके में आपसी कहासुनी को लेकर काले रंग की दो महिंद्रा स्कॉर्पियो कारों के ड्राइवरों ने खुलेआम सड़क पर उत्पात मचाया। दोनों युवकों ने आपस में गाली-गलौच करते हुए एक-दूसरे की स्कॉर्पियो को खतरनाक तरीके से टक्कर मारनी शुरू कर दी। वे ट्रैफिक की चिंता किए बिना बार-बार एक दूसरे को स्पीड से टक्कर मारने लगे। जिस कारण सड़क से गुजर रहे स्कूटी और बाइक सवार राहगीर उनकी चपेट में आने से बाल-बाल बचे। एक बार तो उनकी टक्कर के बीच एक स्कूटी सवार फंसते हुए बचा। इन स्कॉर्पियो का उत्पात देखकर राहगीर घबरा गए। राहगीर ने बनाया वीडियो काले रंग की स्कॉर्पियो के टकराने का एक वीडियो भी सामने आया है। जिसमें साफ दिख रहा है कि दोनों के ड्राइवर आपस में खतरनाक तरीके से गाड़ियों को टक्कर मार रहे हैं। जानकारी के अनुसार, गाड़ियों में सवार दोनों युवक धनवापुर के ही रहने वाले हैं। उनके बीच किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया, जिसके बाद उन्होंने एक-दूसरे की गाड़ियों को निशाना बनाना शुरू कर दिया। जोरदार टक्कर मार रही स्कॉर्पियो वीडियो में साफ दिख रहा है कि दोनों स्कॉर्पियो एक-दूसरे के पीछे-पीछे दौड़ रही हैं और बार-बार जोरदार टक्कर मार रही हैं। सड़क पर तेज रफ्तार और अनियंत्रित तरीके से गाड़ियां घुमाई जा रही हैं, जिससे आसपास की अन्य गाड़ियां भी मुश्किल में पड़ गईं। कई लोगों ने इस दृश्य को देखकर अपनी गाड़ियां रोकीं और घटना की रिकॉर्डिंग की। पुलिस ने दोनों को समझाया घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाकर उन्हें समझाया। हालांकि उनके बीच किस बात को लेकर झगड़ा था, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस द्वारा मामला निपटाने के बावजूद रोड-रेज की इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।