गुरुग्राम से CM के चुनाव लड़ने के बयान पर कंट्रोवर्सी:नरबीर बोले- BJP मुझे तो नहीं बनाएगी, आप लड़ लीजिए; कांग्रेस का तंज- जनता सरपंच भी नहीं चुनेगी

हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह के सीएम नायब सैनी को गुरुग्राम से चुनाव लड़ने की बात कहने पर सियासी घमासान मच गया है। कांग्रेस नेता वर्धन यादव ने वीडियो जारी कर राव नरबीर पर अहीरवाल के शौर्य का अपमान करने का आरोप लगाया। वर्धन यादव ने कहा कि अहीरवाल को इंपोर्टेड मुख्यमंत्री की जरूरत नहीं है। अहीरवाल की जनता स्थानीय नेता को ही विधायक और मुख्यमंत्री चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि राव नरबीर ने अहीरवाल के शौर्य और राजनीति को भाजपा के चरणों में विसर्जित कर दिया है। दक्षिण हरियाणा वो एतिहासिक भूमि है, जिसने हमेशा मुख्यमंत्री बनाया है। जब भी कोई मुख्यमंत्री दक्षिण हरियाणा से बनेगा, वो अहीरवाल का ही होगा। वर्धन राव ने यहा तक कह दिया कि आप इस बात की फिक्र कीजिए कि आप कहां से चुनाव लड़ना पसंद करेंगे, क्योंकि आपके इस कायरतापूर्वक बयान के कारण अहीरवाल की जनता विधायक और सांसद तो भूल ही जाइए, किसी गांव का सरपंच तक आपको नहीं चुनेगी। बता दें कि सोमवार को गुरुग्राम के कांकरौला गांव में विकसित बादशाहपुर रैली का आयोजन किया गया था। इसमें सीएम सैनी मुख्य अतिथि के रुप में मौजूद थे। इसी दौरान मंच से कैबिनेट मंत्री नरबीर ने कहा कि अहीरवाल की इच्छा है कि मुख्यमंत्री हमारे शहर का होना चाहिए, इसे पूरी करने के लिए आप गुरुग्राम से चुनाव लड़ लीजिए। विकसित बादशाहपुर रैली में राव नरबीर ने कही 3 बातें… अहीरवाल की पुरानी इच्छा, हमारा मुख्यमंत्री बने: कैबिनेट मंत्री नरबीर ने कहा कि अहीरवाल के लोग दशकों से यह इच्छा रखते हैं कि उनके क्षेत्र से कोई मुख्यमंत्री बने। बहुत नेता मुख्यमंत्री बनने की इच्छा रखते हुए चले गए, कुछ जाने वाले हैं। इसलिए मुख्यमंत्री जी आप गुरुग्राम से अगला चुनाव लड़े, ताकि यहां के लोगों की इच्छा पूरी हो सकें। मुझे पार्टी मुख्यमंत्री नहीं बनाएगी: सीएम नायब सैनी के सामने कैबिनेट मंत्री ने टीस भी सामने आई। कहा कि मैं मुख्यमंत्री नहीं बन सका और न ही पार्टी मुझे मुख्यमंत्री बनाएगी। मुख्यमंत्री गुरुग्राम से चुनाव लड़ेंगे, तो अहीरवाल क्षेत्र को अपना मुख्यमंत्री मिल सकेगा। रोहतक के मनोहर करनाल से चुनाव लड़े: मनोहर लाल रोहतक के रहने वाले, लेकिन वे करनाल से चुनाव लड़कर मुख्यमंत्री बने, तो करनाल वाले उन्हें अपना बताने लगे, अब अहीरवाल की बारी है। मुख्यमंत्री गुरुग्राम से चुनाव लड़ेंगे, तो हम कह सकेंगे कि हमारा मुख्यमंत्री है। सीएम ने कहा- हरियाणा का मुख्यमंत्री हूं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंच पर ही राव नरबीर को जवाब दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो मुख्यमंत्री बनता है, ये एक क्षेत्र का नहीं, ये पूरे हरियाणा प्रदेश का बनता है। मैं भी पूरे हरियाणा की सीएम हूं। मुख्यमंत्री ने बादशाहपुर में करवाए कार्य भी गिनवाए।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने बिना भेदभाव के 11 वर्षों में बादशाहपुर विधानसभा में 15 हजार 166 करोड़ रुपए खर्च किया है, जबकि कांग्रेस ने अपने दस साल के शासन में 967 करोड़ रुपए खर्च किए। 3 पॉइंट में समझिए अहीरवाल क्यों उठती है सत्ता पाने की मांग… राव इंद्रजीत और राव नरबीर, अहिरवाल क्षेत्र के बड़े चेहरे दक्षिण हरियाणा के अहीर वाल क्षेत्र ने राज्य में बीजेपी की सरकार बनाने में अहम भूमिका निभाई है। यहां से दो बड़े चेहरे है, एक है केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत और दूसरे है हरियाणा सरकार के उद्योग मंत्री राव नरबीर। अहीरवाल बेल्ट के ये दोनों चेहरे कई मौकों को मुख्य मंत्री बनने की इच्छा जता चुके है। इसे लेकर दोनों के बीच तल्खी भी कई बार सामने आई है। बीजेपी के मंच भी दोनों हमेशा एकदूसरे से दूरी ही बनाए रखते है। कुछ समय पहले ही राव इंद्रजीत इस बयान से सियासी हलचल मच गई थी, जिसमें उन्होंने कहा था- हमने भाजपा की सरकार बनवाई, लेकिन हमें वाजिब इनाम नहीं मिला। तो क्या मैं गलत कहता हूं। उधर, राव नरबीर ने सोमवार की रैली में मुख्यमंत्री नायब सैनी के सामने ही अपनी टीस भी जाहिर की। ————————- ये खबर भी पढ़ें…. हरियाणा के 3 परिवारों में अहीरवाल में वर्चस्व की जंग:राव इंद्रजीत ने बेटी को बनाया उत्तराधिकारी; राव नरबीर को ऊपर का आशीर्वाद दक्षिण हरियाणा के अहीर वाल क्षेत्र ने राज्य में बीजेपी की सरकार बनाने में अहम भूमिका निभाई। अब इसी अहीर वाल क्षेत्र के नेता अब बीजेपी के लिए गले की हड्डी बन रहे हैं। वर्चस्व को लेकर 3 पीढ़ियों से सत्ता में बने परिवारों में खुली जंग छिड़ी है। (पूरी खबर पढ़ें)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *