भाई रणधीर सिंह नगर के ई-ब्लॉक स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में गुरुवार शाम को कीर्तन दरबार का भव्य आयोजन किया गया। गुरमति प्रचार लहर के तहत शिरोमणि रागी सभा, दरबार साहिब (अमृतसर) के सहयोग से आयोजित इस समागम में भारी संख्या में संगतों ने हाजिरी भरी और गुरु चरणों से जुड़कर निहाल हुईं।समागम के दौरान पंथ के प्रसिद्ध रागी जत्थों ने अपनी मधुर और रसमयी आवाज में इलाही गुरबाणी का कीर्तन कर वातावरण को आध्यात्मिक बना दिया। कीर्तन दरबार में हाजिरी भरने वाले प्रमुख रागी जत्थों में शामिल रहे भाई ओंकार सिंह (प्रधान, शिरोमणि रागी सभा),भाई अमनदीप सिंह , भाई करनैल सिंह , भाई जबरतोड़ सिंह, भाई सुरिंदर सिंह , भाई गुरकीरत सिंह , भाई तजिंदर सिंह , भाई पलविंदर सिंह ,भाई सतिंदरबीर सिंह, भाई सतनाम सिंह कोहाड़का,भाई बिक्रमजीत सिंह और भाई गुरविंदर सिंह जी आनंदपुरी इन सभी हजूरी रागी जत्थों ने अपनी हाजिरी लगवाकर संगतों को गुरु घर के इतिहास और गुरबाणी की शिक्षाओं से अवगत कराया। संगत ने मिलकर वाहेगुरु का जाप किया और गुरु तेग बहादुर साहिब जी ,गुरु हरकृष्ण साहिब जी ,धन धन गुरु राम दास जी का सिमरन किया। समागम के समापन पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारियों ने सभी रागी जत्थों को सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर कमेटी के प्रधान गुलबहार सिंह गुल्लू, गुरमीत सिंह, प्रभजोत सिंह और सुरिंदर सिंह कीवी ने जत्थों का आभार व्यक्त किया।