गैंगस्टर अमृतपाल सिंह मोल्दोवा बॉर्डर पर पकड़ा:इंटरपोल के रेड कॉर्नर नोटिस के बाद कार्रवाई, पंजाब पुलिस भारत लाने की प्रक्रिया शुरू की

पंजाब पुलिस को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी सफलता मिली है। जग्गू भगवानपुरिया गैंग से जुड़े मोस्ट वांटेड गैंगस्टर अमृतपाल सिंह उर्फ अमृत दलम को पूर्वी यूरोप के मोल्दोवा बॉर्डर पर हिरासत में लिया गया है। यह कार्रवाई इंटरपोल के रेड नोटिस के आधार पर की गई, जो पंजाब पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय कर जारी करवाया था। इस संबंध में पंजाब के डीजीपी ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा की है। पंजाब पुलिस के अनुसार अमृतपाल सिंह कई आपराधिक मामलों में मोस्ट वांटेड और लंबे समय से विदेश में छिपा हुआ था। उसके खिलाफ पंजाब में हत्या, रंगदारी और संगठित अपराध से जुड़े कई मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। पुलिस एजेंसियां लंबे समय से उसकी तलाश में जुटी हुई थीं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अमृत दलम की गतिविधियों पर कई महीनों से नजर रखी जा रही थी। अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों और केंद्रीय एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय के बाद उसकी लोकेशन का पता चला और मोल्दोवा बॉर्डर पर उसे डिटेन कर लिया गया। कानूनी और कूटनीतिक प्रक्रिया शुरू पंजाब डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि अब उसे भारत लाने के लिए कानूनी और कूटनीतिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रत्यर्पण या डिपोर्टेशन की औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उसे भारत लाकर कोर्ट में पेश किया जाएगा। पंजाब पुलिस का ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग सेल (ओएफटीईसी) विदेशों में छिपे अपराधियों पर नजर बनाए हुए है। वर्तमान में करीब 61 फरार गैंगस्टर अलग-अलग देशों में छिपे हुए हैं, जिन्हें भारत वापस लाने के लिए कार्रवाई जारी है। अमृत दलम की हिरासत विदेश भागे अपराधियों के खिलाफ चल रही कार्रवाई में एक बड़ी उपलब्धि है। इससे विदेशों में छिपे अन्य गैंगस्टरों पर भी दबाव बढ़ेगा और उन्हें कानून के दायरे में लाने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *