हरियाणा के हिसार जिले में सीआईए वन पुलिस और कुख्यात अपराधी पवन उर्फ मूसा के बीच एक भीषण मुठभेड़ हुई है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि लूट और डकैती के मामलों में शामिल यह अपराधी एनएच-52 पर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से सीधी फायरिंग कर दी, जिसमें एक गोली पीएसआई (PSI) नवीन कुमार की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी के पैर में गोली मारकर उसे काबू किया। मौके से एक .32 बोर की पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। आरोपी को घायल अवस्था में नागरिक अस्पताल हिसार में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 121(1), 132, 221 और आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)(a) के तहत एफआईआर दर्ज की है। गैंगस्टर मूसा पर 35 से ज्यादा मुकद्दमें दर्ज हैं। जानिए किस तरह मूसा का एनकाउंटर हुआ… शाम सवा 7 बजे मिली सूचना : 13 फरवरी की शाम करीब 07:12 बजे, पीएसआई नवीन कुमार को मुखबिर से सूचना मिली कि पवन उर्फ मूसा, निवासी मोठ लुहारी, जो अवैध हथियारों का शौकीन है और नशे का आदी है, पीरांवाली गांव के पास किसी वारदात की योजना बना रहा है। वह पिछले साल अक्टूबर में सेक्टर 14 हिसार और बरवाला में हुई लूट का मुख्य सरगना भी रहा है। पुलिस ने दो टीमें बनाई : सूचना मिलते ही सीआईए स्टाफ की दो टीमें गठित की गईं और एनएच-52 पुल बगला रोड के पास घेराबंदी की गई। शाम करीब 07:55 बजे पुलिस ने हुलिए के आधार पर एक युवक को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही आरोपी ने अपनी पिस्तौल निकालकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से सीधा फायर कर दिया। पीएसआई नवीन पर चलाई गोली : आरोपी द्वारा की गई फायरिंग में एक गोली पीएसआई नवीन की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे उनकी जान बच गई । पुलिस ने आत्मरक्षा में पहले हवा में फायर किया और आरोपी को आत्मसमर्पण के लिए कहा, लेकिन उसने दोबारा पुलिस को ललकारा और गोलियों से भूनने की धमकी दी। बचाव में गैंगस्टर पर चलाई गोली : इसके बाद पुलिस ने बचाव में आरोपी के पैरों की तरफ निशाना साधकर गोली चलाई, जो उसकी बाईं पिंडली में लगी। घायल होने पर पुलिस ने उसे तुरंत काबू कर लिया। आरोपी के पास से एक .32 बोर की पिस्तौल, चैम्बर में एक जिंदा राउंड और मैगजीन में 3 जिंदा राउंड बरामद हुए हैं ।