पारस अस्पताल में गैंगस्टर चंदन मिश्रा हत्याकांड में गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस ने सोमवार दोपहर करीब 4 बजे पटना सिविल कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने तौसीफ को 3 दिनों की रिमांड पर भेज दिया। वहीं हर्ष, भीम और निशु खान को जेल भेज दिया गया। चंदन मिश्रा की हत्या करने के बाद तौसीफ ने पुलिस को चकमा देने की पूरी कोशिश की। कोलकाता भागने के दौरान तौसीफ बादशाह ने अपना पूरा लुक बदल लिया था। उसने क्लीन सेव करा ली थी। अपने बाल भी छोटे करा लिए थे। गिरफ्तारी के बाद आई 2 तस्वीरें… बिना एडवांस तौसीफ ने किया मर्डर बताया जाता है कि गैंगस्टर चंदन मिश्रा के मर्डर के लिए तौसीफ को कोई एडवांस पेमेंट नहीं हुई थी। तौसीफ ने बिना पैसे के ही चंदन मिश्रा का मर्डर कर दिया। हालांकि, ये बताया जा रहा है कि 5 लाख की पेमेंट मास्टरमाइंड को दी गई थी। कोलकाता से पटना लेकर आई पुलिस बक्सर के कुख्यात चंदन मिश्रा की हत्या की साजिश 3 दिन पहले रची गई थी। इस मामले में मुख्य शूटर तौसीफ उर्फ बादशाह, उसके मौसेरे भाई निशु खान, निशु के केयर टेकर हर्ष, उसके नर्सिंग स्टाफ भीम काे पुलिस ने कोलकाता से गिरफ्तार किया है। इन सभी को STF सोमवार को कोलकाता से लेकर पटना पहुंची। पुलिस की 4 गाड़ियां स्कॉर्पियो को स्कॉट करते हुए सभी को STF ऑफिस लेकर लाई। इस दौरान ADG कुंदन कृष्णन भी STF ऑफिस पहुंचे थे। उन्होंने भी आरोपियों से पूछताछ की। इस दौरान शूटर तौसीफ से भी उन्होंने सवाल-जवाब किए। निशु के घर मर्डर की प्लानिंग, कोलकाता में पहले से होटल बुक था पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि तौसीफ के मौसेरे भाई निशु के घर पर ही चंदन की हत्या की साजिश रची गई थी। तौसीफ 17 जुलाई की सुबह चंदन की हत्या के बाद निशु के समनपुरा स्थित घर पर गया। वहां से निशु की कार से ही तौसीफ, निशु, उसकी गर्लफ्रेंड, हर्ष और भीम गया, बरही, रांची होते कोलकाता भाग गए। वारदात को अंजाम देने से पहले 16 जुलाई काे इन लोगों ने कोलकाता के एक होटल में रूम बुक कराया था। निशु और तौसीफ मैसेरे भाई बताए जाते हैं। निशु खान पटना के समनपुर का रहने वाला है। समनपुरा वही इलाका है, जहां पारस अस्पताल है। शूटर्स समनपुरा से ही आए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद समनपुरा से होते हुए ही निकले थे। तौसीफ खुद को ‘बादशाह’ बताता है, वैसे ही निशु खुद को ‘भाईजान’ कहलवाना पसंद करता है। भाईजान का सपना सफेदपोश बनने की थी। तौसीफ और निशु दोनों रील्स बनाने के शौकीन हैं। कोलकाता के भांगर इलाके से फिल्मी स्टाइल में गिरफ्तारी पटना पुलिस की टीम ने बंगाल पुलिस की मदद से कोलकाता के न्यू टाउन के शापूरजी इलाका स्थित सुखी वृष्टि अवासन अपार्टमेंट के M-73 और M-74 ब्लॉक के फ्लैट नंबर 206 और 406 में छापेमारी कर पांच संदिग्धों काे उठाया। पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ा दिया। पुलिस के पहुंचने की भनक शूटरों काे लग गई थी। वे एक सफेद कार से शहर से भाग गए। इस कार को बसंती राजमार्ग से गुजरते देखा गया। बाद में इस कार काे आनंदपुर, कोलकाता लेदर कॉम्प्लेक्स और भांगर से गुजरते देखा गया। फिर पुलिस ने कार के साथ इन चाराें काे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपियों काे स्पीडी ट्रायल कराकर सजा दिलाएगी। शूटरों में तौसीफ, सोनू, बलवंत, अभिषेक और नीलेश हैं। तौसीफ फुलवारी का रहने वाला है। अन्य चार शूटर बक्सर के हैं। पुलिस ने शनिवार काे ही तौसीफ, बलवंत और मोनू के घर पर इश्तेहार चिपका दिया था। तौसीफ और निशु खान ने भी पहले पारस अस्पताल में कराया था इलाज निशु खान पारस अस्पताल के बगल में ही समनपुरा में रहता है। गर्लफ्रेंड के विवाद में उसे अक्टूबर 2023 में गाेली मारी गई थी। रीढ़ की हड्डी में गाेली लगने से वह लकवाग्रस्त हाे गया था। वह चल नहीं सकता है। पारस में ही उसका इलाज चला था। तौसीफ काे भी एक बार हाथ में गाेली लगी थी। वह भी इसी अस्पताल में एडमिट हुआ था। तौसीफ मरीज काे इस अस्पताल में मेडिक्लेम भी कराता था। तौसीफ के परिवार से कोलकाता का सुराग मिला पटना पुलिस और पश्चिम बंगाल STF की टीम ने कार्रवाई करते हुए शूटर तौसीफ उर्फ बादशाह, उसके मौसेरे भाई निशु खान समेत 4 लोगों को अरेस्ट किया। इनके अलावा एक महिला अल्पना दास को भी दबोचा गया है। कोलकाता से पकड़े गए आरोपियों पर चंदन मिश्रा की हत्या करने के बाद पटना से कोलकाता भगाने, हथियार देने और साजिश में शामिल होने का आरोप है। बादशाह के परिजन ने ही इन पांचों शूटरों के कोलकाता भागने का सुराग दिया था। निशु बोला- पुलिस ने मेरी गर्लफ्रेंड को भी पकड़ा है कोलकाता में गिरफ्तार निशु ने बताया कि हत्या करने के बाद तौसीफ मेरे घर आया था। मैंने तौसीफ काे कहा था कि सरेंडर कर दाे। पुलिस तुम्हारे परिजनों काे परेशान करेगी। निशु का दावा है कि तौसीफ ने कहा था कि सेामवार काे सरेंडर कर देंगे। निशु ने कहा कि पुलिस ने मेरी गर्लफ्रेंड काे भी पकड़ लिया है। जब पत्रकार निशु से पूछते है कि दिल्ली जाना था तो कोलकाता क्यों आ गए। इस पर निशु कहता है कि मैं अपनी गर्लफ्रेंड को लेने कोलकाता आया था। वो बताता है कि तौसीफ और शेरू से बेऊर जेल में मुलाकात हुई थी। वो जिस गाड़ी में लेटा है, उसमें ऑक्सीजन सिलेंडर भी रखा है। निशु खान बताता है, गाड़ी तौसीफ ही चलाकर लाया है। मेरी हालत खराब है, इसलिए मेरी देख रेख के लिए हर्ष और भीम मेरे साथ आए थे। बेऊर में हुई थी कुख्यात शेरू से मुलाकात निशु खान का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वो कार में लेटा हुआ है। वो खुद को मरीज बता रहा है। वो कहता है कि एक्सीडेंट के बाद से उसका पैर काम नहीं करता है। इलाज के लिए मुझे दिल्ली जाना था। मर्डर के बाद बहन को गयाजी छोड़ा फिर कोलकाता भागा तौसीफ बताया जाता है, अस्पताल में घुसकर गैंगस्टर चंदन मिश्रा की हत्या करने के बाद तौसीफ अपने घर फुलवारी शरीफ गया। वहां पहुंचने के बाद उसने अपनी बहन से कहा कि चलो तुम्हारे ससुराल गयाजी छोड़ देता हूं। उसके बाद तौफीक निशु के साथ गयाजी से कोलकाता की तरफ निकल गया। बिहार की जेल से रची गई चंदन के मर्डर की प्लानिंग सूत्रों के अनुसार बिहार STF और बंगाल STF की टीम पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जेल गई थी। वहां जेल में बंद ओमकार सिंह उर्फ शेरू सिंह से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान शेरू सिंह से STF को कुछ महत्वपूर्ण बातों की जानकारी की मिली। 10 लाख में शेरू ने दी हत्या की सुपारी सूत्रों की माने, शेरू ने 10 लाख में तौसीफ को बक्सर के कुख्यात अपराधी चंदन मिश्रा की हत्या की सुपारी दी थी। शूटर वारदात से 3 दिन पहले ही समनपुरा पहुंच गए थे। हर दिन अस्पताल की रेकी की जाती थी। जांच में पता चला है कि पारस अस्पताल के कुछ स्टाफ से तौसीफ का पहले से परिचय था। कुछ महीने पहले उसका एक दोस्त पारस में ही भर्ती था। वह उससे मिलने अक्सर अस्पताल आता-जाता था। जांच टीम के घेरे में पारस अस्पताल के कुछ कर्मी भी हैं। शुक्रवार को पुलिस ने पारस अस्पताल के कुछ कर्मियों से पूछताछ की है। अस्पताल प्रशासन से पुलिस सिक्योरिटी में तैनात कर्मियों की सूची मांगी है। फिल्मी स्टाइल में मर्डर की 2 तस्वीरें… चंदन से मिलने उसके गांव गए थे शूटर्स चंदन 3 जुलाई को पैरोल पर बाहर आया था। 18 जुलाई की शाम तक उसे बेऊर जेल में वापस जाना था। उसे पिता की इलाज के लिए पैरोल मिला था। इस दौरान वह कई दिनों तक गांव में रहा। पारस अस्पताल के सीसीटीवी में जो पांच शूटर दिख रहे हैं, उसमें से दो चंदन से मिलने सोनवर्षा स्थित उसके घर गए थे। 17 जुलाई को पारस अस्पताल के 209 नंबर कमरे में पांच हथियारबंद अपराधी घुसे और चंदन मिश्रा को गोलियों से छलनी कर दिया। 2 FIR, डॉक्टर और स्टाफ पर भी केस चंदन मिश्रा हत्याकांड में शास्त्रीनगर थाने में दो केस दर्ज किया गया है। पहली FIR चंदन के पिता मंटू मिश्रा ने दर्ज कराई है। उन्होंने डॉक्टर पिंटू और पारस अस्पताल के स्टाफ पर संदेह जताया है। उनका आरोप है कि 16 जुलाई को डिस्चार्ज होना था, लेकिन डॉक्टरों ने 17 जुलाई की तारीख दी। उन्होंने फुलवारी शरीफ के तौसीफ उर्फ बादशाह, बक्सर के बलवंत सिंह और मोनू को भी नामजद किया है। दूसरी एफआईआर अस्पताल में चंदन के अटेंडेंट दुर्गेश पाठक के बयान पर दर्ज की गई है। दुर्गेश के पैर के अंगूठे में गोली लगी है। दुर्गेश ने पुलिस से कहा कि घटना के बाद वह चिल्लाता रहा, लेकिन पारस के स्टाफ 15 मिनट बाद कमरे में आए। पुलिस डॉ. पिंटू से भी पूछताछ करेगी। वहीं इस मामले में पटना में लापरवाही बरतने वाले 1 दरोगा, 2 ASI और 2 सिपाही को सस्पेंड कर दिया गया। पारस अस्पताल के स्टाफ की भूमिका की भी हो रही जांच SP कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि अब तक जांच में तौसीफ के अलावा चार शूटरों के साजिश रचने और भगाने में चार लाेगाें के नाम आए हैं। हर्ष और भीम ने भगाने में मदद की थी। अभी हथियार बरामद नहीं हुआ है। जिस बाइक से घटनास्थल से सभी भागे, वह भी नहीं मिली है। पुलिस ने निशु की कार काे कोलकाता में जब्त कर लिया है। तौसीफ पर एनडीपीएस, आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास के तीन केस दर्ज हैं। निशु पर रंगदारी मांगने और आर्म्स एक्ट का केस दर्ज है। पुलिस ने गिरफ्तार चाराें आरोपियों की कोलकाता काेर्ट से ट्रांजिट रिमांड ले ली है। हत्याकांड में पारस अस्पताल के किस स्टाफ की क्या भूमिका है, इसकी भी जांच की जा रही है। —————————– इसे भी पढ़िए…. मर्डर से 4 दिन पहले शेरू का चंदन को कॉल:पूछा– का बाबा, का हाल बा; गुस्से में जवाब मिला–तू रेकी करावतरअ और होने लगी गाली-गलौच गैंगस्टर चंदन मिश्रा की पारस अस्पताल में घुसकर बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। मर्डर के पीछे शेरू गैंग का नाम आ रहा है। चंदन और शेरू ने एक साथ जुर्म की दुनिया में कदम रखा था और फिर दोनों के बीच दरार आ गई थी। चंदन के पैरोल पर जेल से बाहर निकलने के बाद शेरू उस पर नजर रखवा रहा था। गैंगस्टर के मर्डर से 4 दिन पहले शेरू ने चंदन को कॉल किया था। पूरी खबर पढ़ें।