गैस सिलेंडर और चूल्हा लेकर सड़क पर उतरी युवा कांग्रेस:मंडी में गटर गैस से चाय बनाने की कोशिश, केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन

मंडी जिले में युवा कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक पुराने बयान को लेकर अनोखा प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन जिला पुस्तकालय के बाहर आयोजित किया गया, जिसमें प्रदेश, राष्ट्रीय और जिला स्तर के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने सीवरेज चैंबर के पास गैस सिलेंडर, चूल्हा और बर्तन रखे। उन्होंने चैंबर में पाइप डालकर उसे सिलेंडर और गैस चूल्हे से जोड़ा, फिर चाय बनाने का प्रयास किया। इस प्रदर्शन का उद्देश्य यह दर्शाना था कि गटर से निकलने वाली गैस का उपयोग कर खाना बनाना संभव नहीं है।
प्रधानमंत्री के पुराने बयान को लेकर प्रदर्शन युवा कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री के उस पुराने बयान का हवाला दिया, जिसमें उन्होंने कहा था कि कुछ लोग गटर से निकलने वाली गैस का उपयोग कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं ने इस बयान पर तंज कसते हुए कहा कि उनके प्रयास में तो पानी भी नहीं उबल रहा है। पीएम, ट्रंप, स्मृति ईरानी और मंडी की सांसद की लगाई तस्वीर प्रदर्शन के दौरान, कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडरों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, डोनाल्ड ट्रंप, स्मृति ईरानी और मंडी की सांसद कंगना रणौत की तस्वीरें लगाईं। इन तस्वीरों को हार पहनाकर ‘श्रद्धांजलि’ दी गई, जो वहां मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया। भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का किया विरोध यह प्रदर्शन भारतीय युवा कांग्रेस हिमाचल प्रदेश द्वारा चलाए जा रहे ‘किसान न्याय सत्याग्रह’ के दूसरे दिन का हिस्सा था। इस दौरान नेताओं ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते और केंद्र की किसान विरोधी खरीद नीतियों का विरोध किया। युवा कांग्रेस ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की गारंटी, किसानों की उपज की सुरक्षित खरीद और कृषि को लाभकारी बनाने की मांग की। आंदोलन तेज करने की चेतावनी प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश प्रभारी एच. ज्योतिष ने किया। उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों को किसान विरोधी करार देते हुए चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *