गोतस्करों और पीछा करने वालों में पत्थरबाजी, युवक की मौत:परिजन बोले- हरियाणा से गाड़ी लेने आया था, तीन गाड़ियों में आए थे हमलावर

खैरथल-तिजारा जिले में गोतस्करों और गोवंश को छुड़वाने के लिए पीछा कर रहे लोगों के बीच झड़प और पत्थरबाजी हो गई। घटना में एक युवक की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि युवक गो तस्करी में शामिल नहीं था, वह सड़क किनारे खड़ा था। आरोप है कि झड़प के दौरान करीब 5 से 6 राउंड फायरिंग हुई। एक गोली युवक के आंख के पास लगी और वह जमीन पर गिर गया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को भिवाड़ी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया। गोतस्करों और उनका पीछा करने वालों में हुई झड़प
भिवाड़ी डीएसपी कैलाश चौधरी ने बताया- घटना में हरियाणा के पलवल जिले के उटावड़ निवासी आमिर (28) पुत्र लतीफ की मौत हो गई। चौपानकी पुलिस को सुबह 5 बजे सूचना मिली कि एक गोवंश से भरी पिकअप टपूकड़ा से तावडू की तरफ जा रही है। कुछ लोग उसका पीछा भी कर रहे हैं। डीएसपी ने बताया- सारे कला गांव के पास गोतस्करों की मदद के लिए एक पिकअप में 5-6 लोग आए। आमिर भी इसी पिकअप में था और उसमें पत्थर भरे हुए थे। यहां दोनों पक्षों में झड़प और पत्थरबाजी हो गई। आमिर भी पत्थरबाजी करने वालों में शामिल था। कैलाश चौधरी ने बताया- पत्थरबाजी के दौरान आमिर घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। फायरिंग के सवाल पर डीएसपी ने कहा कि ये जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि मौत गोली लगने से हुई है या पत्थर लगने से। शाम करीब 5 बजे पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। दो पिकअप और बोलेरो कैंपर जब्त
डीएसपी ने बताया- पुलिस ने तस्करों की 2 पिकअप और उनका पीछा करने वाले लोगों की बोलेरो कैंपर जब्त की है। मामले में 2 FIR दर्ज की है। अज्ञात लोगों के खिलाफ हमला कर हत्या करने और दूसरी FIR गोतस्करी को लेकर दर्ज हुई है। मामले में अभी तक किसी को नहीं पकड़ा गया है। 5 गोवंश मौके पर मिली थी, जिन्हें गोशाला भिजवाया। सड़क किनारे खड़ा था आमिर और उसका साथी
मृतक युवक आमिर के मामा याहया खान ने बताया- आमिर ड्राइवरी का काम करता था। उसकी शादी हो गई थी और 2 साल की बेटी है। वह गाड़ी लेने के लिए नूंह मेवात के उटावड़ से सारे कला गांव आया था। यहां सड़क किनारे अपने साथी के साथ खड़ा था। इसी दौरान गोतस्करों की पिकअप वहां से गुजरी। 3 गाड़ियों में आए लोगों ने किया हमला
याहया खान ने बताया- पिकअप तो वहां से निकल गई, लेकिन कुछ लोगों ने सड़क किनारे खड़े आमिर और उसके दोस्त को गोतस्कर मानकर उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी और हमला कर दिया। इस दौरान करीब 5 से 6 राउंड फायरिंग हुई। एक गोली आमिर के सिर में लगी और वह जमीन पर गिर गया। उन्होंने बताया- घटना के तुरंत बाद चौपानकी थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और उसे भिवाड़ी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी मौत चुकी थी। तीन गाड़ियों में 15 से 20 लोग आए थे और हमला करने के बाद वापस भिवाड़ी की तरफ फरार हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *