गोपालगंज में रविवार को मुहर्रम के जुलूस के दौरान दो गांवों के बीच हिंसक झड़प हुई। घटना मांझागढ़ थाना क्षेत्र के शिकमी ढाला के पास की है। मिली जानकारी के अनुसार शिकमी गांव और छवही तक्की गांव के लोग अलग-अलग जुलूस निकाल रहे थे। इसी जुलूस मिलान को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हुआ। यह विवाद तेजी से हिंसक रूप ले गया। दोनों तरफ से लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चले। इस हिंसा में करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों में छवही तक्की गांव के मनु, मुनमुन अंसारी, जैनब निशा और अफजल अली शामिल हैं। वहीं शिकमी गांव से तैयब हुसैन और खलीउल जमा घायल हुए हैं। कुछ घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ का इलाज निजी नर्सिंग होम में चल रहा है। जुलूस मिलाना का विरोध करने पर किया हमला घायल के परिजन हसमुद्दीन अंसारी ने बताया कि शिकमी गांव के लोग जबरन जुलूस को मिलाना चाहते थे। विरोध करने पर उन्होंने हमला कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति को नियंत्रित किया गया है। इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर रही है। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।