गोरखपुर शहर के वार्ड 22 स्थित बिछिया कॉलोनी में शहर का पांचवां कल्याण मंडपम आम जनता के लिए शुरू कर दिया गया है। शनिवार को सीएम योगी आदित्यनाथ ने इसका उद्घाटन किया। इस नए भवन के बनने से आसपास के लोगों को शादी-विवाह, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए एक बेहतर और सुलभ स्थान मिल गया है। यह कल्याण मंडपम 1120 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बनाया गया है। इसके निर्माण पर करीब 2 करोड़ 46 लाख रुपये खर्च हुए हैं। कार्यक्रम के दौरान सीएम ने बताया कि इस मंडपम को लोगों के लिए न्यूनतम यूजर चार्ज पर उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि हर वर्ग के लोग इसका लाभ उठा सकें। उद्घाटन समारोह को लेकर सुबह से ही मंडपम को दुल्हन की तरह सजाया गया था। जैसे ही सीएम कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, उनका जोरदार स्वागत किया गया। क्लासिकल शहनाई वादक ने शहनाई बजाकर उनका अभिनंदन किया। इसके बाद फीता काटकर कल्याण मंडपम का औपचारिक उद्घाटन किया गया। इस मौके पर राप्तीनगर विस्तार योजना के ईडब्लूएस श्रेणी के लाभार्थियों को प्लॉट के प्रमाणपत्र भी वितरित किए गए। इससे कई जरूरतमंद परिवारों को अपने घर का सपना पूरा करने की दिशा में बड़ी मदद मिली है। जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि गोरखपुर विकास का मॉडल बन चुका है। यहां अब हर दिशा में चार-लेन सड़कों की कनेक्टिविटी मिल रही है और उद्योग भी स्थापित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों में बेईमानी के कारण विकास प्रभावित होता था और समस्याएं बढ़ती थीं, लेकिन अब व्यवस्था में सुधार हुआ है और विकास तेज़ी से हो रहा है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण पर भी जोर दिया। कहा कि अगर लोग पर्यावरण को बचाएंगे, तो पर्यावरण भी उनकी रक्षा करेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि गंदगी न करें और न ही किसी को करने दें। सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान न पहुंचाएं। रामगढ़ताल का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि अब यह स्थान बहुत सुंदर बन गया है, लेकिन कुछ लोग वहां खाने के बाद पत्तल और डिब्बे ताल में फेंक देते हैं, जिससे गंदगी फैलती है, मच्छर पनपते हैं और बीमारियां फैलती हैं। उन्होंने इसे गलत आदत बताते हुए सुधार की अपील की। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने सभी लोगों को महाशिवरात्रि के पावन पर्व की शुभकामनाएं दीं और सभी के सुखी और मंगलमय जीवन की कामना की। इस अवसर पर गोरखपुर सदर के सांसद रवि किशन, महापौर मंगलेश श्रीवास्तव, ग्रामीण विधायक विपिन सिंह, बांसगांव विधायक विमलेश पासवान, कैंपियरगंज विधायक फतेहबहादुर सिंह और सहजनवा विधायक प्रदीप शुक्ल सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।