गोराया नेशनल हाईवे पर चचराड़ी ओवरब्रिज के पास ट्रक में आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भयानक थी कि इसे बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियों को मौके पर बुलाना पड़ा। लगभग 5 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। सौवर सिंह ने बताया कि वह पटियाला से अमृतसर मोटर ग्रेडर मशीन ले जा रहे थे। जब वह गोराया चचराड़ी ओवरब्रिज के पास पहुंचे, तो उनकी मशीन खराब हो गई। वह इसे देखने के लिए नीचे उतरे, तभी पीछे से आ रहे एक ट्रक ने मशीन में टक्कर मार दी। सिंह ने आरोप लगाया कि ट्रक चालक नशे में था और ट्रक में कोई केमिकल लोड था, जिसके कारण आग लग गई। उन्होंने चालक को ट्रक से नीचे उतारा, जिसके बाद वह मौके से फरार हो गया। इसकी सूचना उन्होंने तुरंत पुलिस को दी। लुधियाना से जालंधर की ओर जा रहा था ट्रक
सड़क सुरक्षा फोर्स के इंचार्ज सरबजीत सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि लुधियाना से जालंधर की ओर जा रहा था। ट्रक चचराड़ी ओवरब्रिज पर खड़ी मोटर ग्रेडर मशीन से टकरा गया, जिसके बाद ट्रक में आग लग गई। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि मोटर ग्रेडर मशीन और ट्रक दोनों आग की लपटों में घिरे हुए थे। ट्रक में प्लास्टिक का दाना भरा होने के कारण आग तेजी से फैल गई और विकराल रूप ले लिया।
ट्रक चालक मौके से फरार
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। सरबजीत सिंह ने तुरंत फायर ब्रिगेड और गोराया पुलिस को इसकी सूचना दी। सुरक्षा को देखते हुए हाईवे को बैरिकेडिंग कर बंद कर दिया गया और ट्रैफिक को सर्विस लेन की ओर डायवर्ट किया गया, ताकि कोई अन्य हादसा न हो। बाद में फिल्लौर और फगवाड़ा से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को बुलाया गया, जिन्होंने लंबी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।