अमृतसर में गोल्डन टेंपल के पास नशे में धुत युवती और 2 युवकों का वीडियो सामने आया है। तीनों पर्किंग की ओर जाने वाले पुल के नीचे रखे बेंच पर बैठे थे। उन्हें कोई होश नहीं था। आंखें बंद थीं। इस दौरान वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति ने उनका वीडियो बना लिया और वायरल कर दिया। वीडियो पुलिस के पास पहुंचा। इसके बाद पुलिस उन्हें अपने साथ ले गई। इस जगह के 10 दिन पहले भी 2 वीडियो सामने आए थे। पुलिस ने पुल के बीच बनी जगह से नशे की हालत में कुछ युवक-युवतियों को पकड़ा था। थाना ए-डिवीजन के एसएचओ बलविंदर सिंह ने कहा कि इस जगह की वीडियो वायरल होने के बाद गश्त बढ़ाई गई है।
अब पढ़िए तीनों वीडियो में क्या दिख रहा… पहली वीडियो- पुल के अंदर छीपे युवक-युवतियां
28 मार्च को सामने आए 33 सेकेंड के पहले वीडियो में पुल के नीचे कुछ युवक-युवतियां दिखाई दे रहे हैं। इनमें से एक युवती ने चूड़ा पहना हुआ है। इसी दौरान एक युवक वहां पहुंचकर उनकी वीडियो बनाना शुरू कर देता है और कहता है कि जिसके पास फोन है, वह दे दे, कोई समस्या नहीं होगी। वीडियो में ऐसा प्रतीत होता है कि युवक का फोन छीन लिया गया। दूसरी वीडियो- युवक-युवतियों को बाहर निकाला
35 सेकेंड की दूसरी वीडियो को पहली वीडियो के अगले दिन का बताया जा रहा है। इसमें कुछ लोग पुल के अंदर बनी जगह में जाकर वहां मौजूद युवक-युवतियों को बाहर निकालते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान एक आवाज भी सुनाई देती है-“यही है वो फोन”, जिससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि खोया हुआ फोन मिल गया था। इनसे इंजेक्शन और सिल्वर फाइल बरामद हुई थी। वीडियो सामने आने के बाद पंजाब पुलिस के थाना ए-डिवीजन ने कार्रवाई करते हुए पुल के आसपास नशा करने वालों को हटाया था। साथ ही जहां पुल के नीचे युवक-युवतियां मौजूद थीं, वहां से इंजेक्शन और सिल्वर पन्नी भी बरामद की गई थी। तीसरा वीडियो- बेंच पर बेसुध युवती और युवक
तीसरी वीडियो में 1 युवती और 2 युवक नशे में धुत दिख रहे हैं। इनमें एक युवक सरदार और दूसरा मोना है। तीनों नशे की हालत में बेसुध दिखाई दे रहे हैं और एक बेंच पर साथ-साथ सोते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो बनाने वाला व्यक्ति कहता सुनाई देता है कि कुछ दिन पहले भी इसी जगह का वीडियो वायरल हुआ था और अब फिर लोग नशे की हालत में बेसुध पड़े हैं। SHO बोले- नजर रखी जा रही
थाना ए-डिवीजन के एसएचओ बलविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस लगातार ऐसे नशे के मामलों पर नजर रख रही है। किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि उनके सामने इस तरह का मामला सामने आता है तो वह तुरंत पुलिस को सूचना दें। ——– ये खबर भी पढ़ें… चंडीगढ़ में नशे में झूमते डिलीवरी बॉय का VIDEO, ढाई घंटे तक खड़ा रहा; आंखें बंद, मुंह में बीड़ी फंसी, लाइटर तक नहीं जला पाया चंडीगढ़ में नशे में धुत डिलीवरी बॉय का वीडियो सामने आया है। उसे नशा इस कदर चढ़ा कि वह एक कदम भी आगे नहीं बढ़ पा रहा था। सड़क किनारे एक जगह करीब ढाई घंटे तक खड़ा रहा। उसकी आंखें बंद थीं। मुंह में बीड़ी थी। लेकिन वह लाइटर तक नहीं जला पा रहा था। बीड़ी उसके मुंह में ही फंसी रही। (पढ़ें पूरी खबर)