गोल्डन टेंपल पहुंचीं यूके की सांसद बीबी प्रीत कौर गिल:मत्था टेका, विश्व-शांति- सरबत के भले की अरदास, बोलीं- गुरु साहिब का धन्यवाद करने आईं

यूनाइटेड किंगडम के बर्मिंघम के एजबेस्टन क्षेत्र से सांसद बीबी प्रीत कौर गिल ने आज (शुक्रवार को) अमृतसर के गोल्डन टेंपल पहुंचीं। यहां उन्होंने मत्था टेका और गुरु साहिब के प्रति अपनी गहरी श्रद्धा व्यक्त की। इस पवित्र स्थल पर पहुंचकर उन्होंने शांति, मानवता और विश्व कल्याण के लिए अरदास की। गोल्डन टेंपल में नतमस्तक होने के बाद बीबी गिल शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के कार्यालय भी पहुंचीं। यहां उनकी मुलाकात एसजीपीसी के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी से हुई। इस अवसर पर धामी ने उनका स्वागत किया और गुरु की कृपा के प्रतीक स्वरूप सिरोपा तथा गोल्डन टेंपल का स्वर्ण मॉडल भेंट कर सम्मानित किया। गोल्डन टेंपल को बताया मानवता का मार्गदर्शक केंद्र बीबी प्रीत कौर गिल ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गोल्डन टेंपल में मत्था टेकना उनके लिए अत्यंत सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि यह पवित्र स्थान पूरी मानवता को सही मार्ग दिखाने वाला आध्यात्मिक केंद्र है। सांसद बनने के बाद वह यहां गुरु साहिब का धन्यवाद करने और ‘सरबत दा भला’ की अरदास करने आई हैं। विश्व शांति और भाईचारे के लिए की अरदास उन्होंने आगे कहा कि वर्तमान समय में विश्व में चल रहे तनावपूर्ण हालात को देखते हुए उन्होंने गुरु साहिब से प्रार्थना की है कि दुनिया में शांति स्थापित हो और सभी देश आपसी भाईचारे के साथ आगे बढ़ें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *