घरौंडा में 85 करोड़ से बनेगा डियर पार्क:100 एकड़ में होगा विकसित, बजट में 50 करोड़ का प्रावधान

करनाल जिले के घरौंडा विधानसभा क्षेत्र में विकास की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है। हसनपुर गांव के पास करीब 100 एकड़ भूमि पर डियर पार्क विकसित किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट पर कुल 85 करोड़ रुपए खर्च होंगे। बजट सत्र में सीएम सैनी द्वारा 50 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। यह परियोजना पर्यावरण संरक्षण, पर्यटन और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाएगी। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष एवं घरौंडा के विधायक हरविंद्र कल्याण ने घरौंडा में मीडिया से बातचीत में बताया कि हसनपुर गांव के पास काफी समय से 100 एकड़ जमीन खाली पड़ी है। सरकार ने इस जमीन को डियर पार्क के रूप में विकसित करने की योजना बनाई है। यहां हरियाली, प्राकृतिक झील, बैठने के स्थान, बच्चों के लिए पार्क और घूमने के रास्ते तैयार किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह प्रोजेक्ट केवल सुंदरता बढ़ाने के लिए नहीं होगा, बल्कि यह क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि साबित होगा। जब यह पूरी तरह विकसित हो जाएगा तो लोग परिवार के साथ यहां समय बिताने आएंगे। बाहर से आने वाले लोगों को मिलेगा आकर्षण स्थल हरविंद्र कल्याण ने कहा कि घरौंडा क्षेत्र में इंडियन ऑयल रिफाइनरी, मेडिकल यूनिवर्सिटी और एनसीसी अकादमी सहित कई बड़े संस्थान हैं। यहां देशभर से लोग पढ़ाई और नौकरी के सिलसिले में आते हैं। ऐसे में डियर पार्क उनके लिए भी एक प्रमुख घूमने का स्थान बनेगा। इससे क्षेत्र में व्यापार और छोटे व्यवसायों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने 50 करोड़ रुपए के बजट प्रावधान के लिए सीएम नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त किया। रैपिड रेल से विकास को मिलेगी रफ्तार हरविंदर ने बताया कि रैपिड रेल प्रोजेक्ट की घोषणा पूर्व सीएम मनोहर लाल ने की थी। वर्तमान में मनोहर लाल केंद्र सरकार में मंत्री हैं और उसी विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। सीएम नायब सिंह सैनी ने बजट में लगभग साढ़े 34 हजार करोड़ रुपए के रैपिड रेल प्रोजेक्ट की घोषणा की है, जो करनाल तक पहुंचेगा। घरौंडा विधानसभा क्षेत्र में इस परियोजना के तहत 3 स्टेशन प्रस्तावित हैं। इससे आवागमन आसान होगा और क्षेत्र को सीधा लाभ मिलेगा। 11 वर्षों में बदली क्षेत्र की तस्वीर हरविंदर ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में घरौंडा तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ा है। एनसीसी अकादमी, मेडिकल यूनिवर्सिटी, गर्ल्स कॉलेज, आईटीआई, रिंग रोड, सड़क नेटवर्क और पुल जैसे कई प्रोजेक्ट पूरे हुए हैं। इसके साथ ही एचएसवीपी का एक नया सेक्टर भी विकसित किया जाएगा। इससे लोगों को करनाल, पानीपत या अन्य शहरों में बुनियादी सुविधाओं के लिए नहीं जाना पड़ेगा। घरौंडा में ही बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य और आवास की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि डियर पार्क और रैपिड रेल जैसे प्रोजेक्ट आने वाले समय में घरौंडा को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *