लुधियाना| कोर्ट मंगल सिंह इलाके से वीरवार को लापता हुईं दो नाबालिग छात्राएं अमृतसर के हरमंदिर साहिब से शुक्रवार को सुरक्षित मिल गईं। दोनों आपस में दोस्त हैं और दसवीं कक्षा की छात्राएं हैं। पुलिस ने दोनों नाबालिगों को सुरक्षित उनके माता-पिता के हवाले कर दिया। वे परीक्षा देने के लिए स्कूल गई थीं, लेकिन छुट्टी के बाद घर नहीं लौटीं तो परिजन घबराकर थाना डिवीजन नंबर-6 पहुंचे और मामले की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने तुरंत तलाश शुरू की और अलग-अलग संभावित जगहों पर छानबीन की। इस दौरान पुलिस की टीम हरमंदिर साहिब तक पहुंच गई। जांच अधिकारी दविंदर सिंह ने बताया, प्रैक्टिकल परीक्षा ठीक न होने की वजह से वे काफी घबरा गई थीं और इसी तनाव में सीधे घर नहीं गईं।