चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से उदयपुर के लिए सीधी चेतक एक्सप्रेस ट्रेन जल्द शुरू हो सकती है। अंबाला रेल मंडल ने इसके संचालन के लिए रेलवे बोर्ड को प्रस्ताव भेज दिया है और सारी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मंडल का कहना है कि यह ट्रेन पहले से तय थी, लेकिन 2024 के हरियाणा विधानसभा चुनावों की वजह से इसका शेड्यूल टाल दिया गया था। योजना के अनुसार, यह ट्रेन 10 सितंबर 2024 को चंडीगढ़ से चलनी थी। चेतक एक्सप्रेस सुबह 9:15 बजे उदयपुर से चंडीगढ़ पहुंचती, फिर पूरे दिन रुकने के बाद दोपहर 3:45 बजे वापस उदयपुर के लिए रवाना होती। लेकिन चुनाव के कारण रेलवे बोर्ड ने उस समय इसका शेड्यूल जारी नहीं किया। रेल मंत्री से प्रशासक की मुलाकात इस ट्रेन के संचालन को लेकर चंडीगढ़ प्रशासन भी गंभीर है। हाल ही में शहर के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर चंडीगढ़ से धार्मिक स्थलों की बेहतर कनेक्टिविटी पर चर्चा की थी। उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में धार्मिक स्थलों के लिए अन्य ट्रेनों की भी शुरुआत हो सकती है। रेल भूमि विकास प्राधिकरण (RLDA) द्वारा चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन को वर्ल्ड क्लास बनाने का काम तेजी से चल रहा है। यह काम अक्टूबर 2025 तक पूरा होने की संभावना है। अधिकारियों का कहना है कि चेतक एक्सप्रेस का संचालन स्टेशन के पुनर्निर्माण कार्य के बीच शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है और सितंबर तक ट्रेन की शुरुआत हो सकती है। शताब्दी को लुधियाना तक बढ़ाने की भी तैयारी वहीं दूसरी ओर चंडीगढ़-दिल्ली के बीच चलने वाली शताब्दी एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 12045/46) को लुधियाना तक एक्सटेंड करने का प्रस्ताव भी एक बार फिर चर्चा में है। वर्ष 2024 में यह प्रस्ताव रखा गया था, लेकिन मामला बीच में अटक गया था। अब उम्मीद है कि मोहाली रेलवे स्टेशन के अपग्रेड होने के बाद इस योजना पर दोबारा काम हो सकता है। स्टेशन अपग्रेड होने के बाद वहां से ट्रेनों की संख्या बढ़ाई जाएगी।