चंडीगढ़ जंगल में मिला महिला का कंकाल:घास काटने पहुंचे नगर निगम कर्मचारियों ने देखा, आसपास के CCTV खंगाल रही पुलिस

चंडीगढ़ के इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 में एक महिला का कंकाल मिला है। इसको घास काटते समय नग​र निगम के माली ने देखा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल शिनाख्त नहीं हो पाई है। जानकारी के अनुसार, नगर निगम के माली के सहायक राजेश कुमार अपने साथी हरप्रीत के साथ इलाके में घास काट रहे थे। इसी दौरान लाइट पॉइंट के पास उन्हें जमीन पर एक महिला का शव और उसके कपड़े पड़े दिखाई दिए। संदिग्ध हालत को देखते हुए उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना इंडस्ट्रियल एरिया पुलिस और सीएफएसएल (फॉरेंसिक) टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए और पूरे इलाके की जांच की। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में भेज दिया है, ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके। प्रारंभिक जांच में पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, जिससे महिला की पहचान और घटना के पीछे की सच्चाई सामने आ सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है। जल्द ही महिला की पहचान और घटना के कारणों का खुलासा करने की कोशिश की जा रही है। गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही पुलिस वहीं, शहर के सभी पुलिस थानों में पिछले कुछ दिनों में दर्ज हुई महिला या लड़की की गुमशुदगी की रिपोर्टों की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगा रही है कि संबंधित महिलाएं कब घर से गई थीं, उनकी पहचान क्या है और जाते समय उन्होंने क्या कपड़े पहने थे। इसके अलावा यह भी देखा जा रहा है कि उन्होंने कोई अंगूठी या अन्य गहने पहने थे या नहीं, ताकि शव की पहचान करने में मदद मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *