चंडीगढ़ पासपोर्ट ऑफिस-बसस्टैंड को बम से उड़ाने की धमकी:ईमेल से भेजा गया मैसेज, पुलिस ने एरिया सील कर चलाया सर्च ऑपरेशन

चंडीगढ़ में एक बार फिर बम धमकी से हड़कंप मच गया। सोमवार को ईमेल के जरिए शहर के अलग-अलग सरकारी संस्थानों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड पर आ गईं। धमकी में चंडीगढ़ सेक्टर 17 बस स्टैंड, पासपोर्ट सेवा केंद्र सेक्टर 34 और इंडस्ट्रियल एरिया स्थित मुख्य पासपोर्ट कार्यालय को निशाना बनाने की बात कही गई। सूचना मिलते ही बम स्क्वायड, फॉरेंसिक टीम और संबंधित थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को सील कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया। एरिया खाली कराकर सर्च ऑपरेशन पुलिस ने एहतियातन बस स्टैंड और पासपोर्ट कार्यालय के आसपास के क्षेत्र को खाली करवाया। संदिग्ध वस्तुओं की जांच के लिए डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते ने घंटों तक चेकिंग की। फॉरेंसिक टीम ने भी ईमेल के स्रोत का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में अब तक किसी भी स्थान से कोई विस्फोटक या संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां यह पहली बार नहीं है जब चंडीगढ़ में इस तरह की धमकी मिली हो। इससे पहले शहर के स्कूलों को दो बार बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है।इसी तरह पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट को तीन बार और चंडीगढ़ जिला अदालत को भी तीन बार बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। हालांकि हर बार जांच के दौरान पुलिस को कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। ताजा मामले में पुलिस ईमेल भेजने वाले की पहचान के लिए साइबर सेल की मदद ले रही है। ईमेल किस आईडी से और किस लोकेशन से भेजा गया, इसकी तकनीकी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी तरह की दहशत फैलाने की जरूरत नहीं है, लेकिन एहतियात के तौर पर सभी संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *