चंडीगढ़ में सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नगर निगम ने शुक्रवार को शहरभर में अभियान चलाया। दिनभर चली इस कार्रवाई में विभिन्न इलाकों से अवैध कब्जे हटाए गए और कुल 71 चालान काटे गए। नगर निगम चंडीगढ़ की प्रवर्तन टीम ने इसे नियमित अभियान का हिस्सा बताते हुए आगे भी सख्ती जारी रखने की बात कही है। अभियान का मुख्य फोकस इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 रहा, जहां सड़कों और पैदल रास्तों पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। टीम ने मौके से प्लास्टिक कुर्सियां, सोफा सेट, झूले, स्टील काउंटर, टेबल, रिवॉल्विंग चेयर और मैकेनिकल जैक जैसे सामान जब्त किए, जो अवैध रूप से सार्वजनिक जगह पर रखे गए थे। इस दौरान यहां कुल 61 चालान किए गए। सेक्टर-20 में रेहड़ियां हटाईं, 10 चालान इसके बाद सेक्टर-20 में पार्किंग के आसपास विशेष अभियान चलाया गया। यहां सार्वजनिक रास्तों में बाधा बन रही 7 अवैध रेहड़ियों को हटाया गया। इस कार्रवाई के दौरान 10 चालान काटे गए। नगर निगम अधिकारियों ने साफ किया कि शहर में अतिक्रमण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लोगों की सुविधा और आने-जाने में आसानी बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी चलते रहेंगे। नगर निगम चंडीगढ़ की यह कार्रवाई शहर में व्यवस्था सुधारने और ट्रैफिक जाम कम करने के लिए अहम मानी जा रही है।