चंडीगढ़ में कबाड़ी की दुकान में 5वीं बार सेंध:एक महीने में 8 वारदातें, 50 किलो तांबे की तारें चोरी, CCTV में कैद आरोपी

चंडीगढ़ में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। कजहेड़ी इलाके में तो हालात यह हैं कि एक ही महीने में तीन दुकानों को मिलाकर 8 बार चोरी हो चुकी है। सबसे ज्यादा निशाना कबाड़ी की दुकानों को बनाया जा रहा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। कजहेड़ी के दुकानदार अशोक ने बताया कि वह कबाड़ी की दुकान चलाते हैं। रविवार रात रोज की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। सुबह पहुंचे तो शटर टूटा मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि दुकान से करीब 50 किलो तांबे की तारें चोरी हो चुकी थीं। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर देर रात करीब 2:30 बजे एक अज्ञात युवक चोरी करता दिखाई दिया। अशोक के मुताबिक यही आरोपी 14 फरवरी को भी करीब एक लाख रुपये की तांबे व अन्य धातु की तारें चुरा चुका है। चोरी की सीसीटीवी फुटेज पुलिस ले अपने कब्जे में ली है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। घटनास्थल के आसपास के लोगों से भी पुलिस पूछताछ कर रही है। 3 दुकानों में 8 वारदातें दुकानदारों के अनुसार, एक कबाड़ी की दुकान में 5 बार, दूसरी में 2 बार और तीसरी दुकान में 1 बार चोरी हो चुकी है। इसके अलावा एक कोल्ड ड्रिंक की दुकान से भी करीब 2 हजार रुपये चोरी हुए हैं। रविवार को एक अन्य संदिग्ध युवक को दुकानदारों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया। उसकी पहचान राहुल के रूप में हुई है। आरोप है कि वह चोरी का सामान जतपुरा स्थित एक बड़े कबाड़ी को बेचता था। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। सेक्टर-40 बी की मार्केट में भी चोरों ने 15 दुकानों की छतों पर लगे एसी की तांबे की पाइपें और तारें चोरी कर ली गईं। बूथ नंबर-125 के मालिक सुमित ने बताया कि सुबह पहुंचे तो वाई-फाई के तार कटे हुए थे। छत पर जाकर देखा तो कई दुकानों के एसी की पाइपें गायब थीं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। रामदरबार फेज-2 स्थित एक डेयरी में भी चोर घुस गए। डेयरी मालिक के अनुसार, चोर करीब 1 लाख 40 हजार रुपये से भरा पूरा लॉकर ही उठा ले गए। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *