चंडीगढ़ में कार ने ऑटो को मारी टक्कर:100 मीटर तक घसीटा, चालक गाड़ी छोड़कर फरार, एलांते में जा रहा था सप्लाई देने

चंडीगढ़ में बुधवार को सेक्टर-28/इंडस्ट्रियल एरिया लाइट प्वाइंट पर तेज रफ्तार कार ने सब्जी लेकर जा रहे ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार ऑटो को करीब 100 मीटर तक घसीटती हुई ले गई। हादसे के बाद चालक गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सेक्टर-32 अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल सुनील यादव के भाई बृजेश यादव ने बताया कि उसका भाई सब्जी बेचने का काम करता है। वह सेक्टर-26 मंडी से होलसेल में सब्जी लेकर शहर के होटलों और अन्य जगहों पर सप्लाई करता है। हादसे के समय वह एलांते मॉल में सब्जी देने जा रहा था। जैसे ही वह सेक्टर-28 और इंडस्ट्रियल एरिया लाइट प्वाइंट पर पहुंचा, तभी तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। लोगों की भीड़ देखकर चालक हुआ फरार बृजेश ने बताया कि टक्कर मारने के बाद कार चालक ऑटो को करीब 100 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। जब गाड़ी आगे नहीं बढ़ पाई और एक्सीडेंट के आसपास से गुजर रहे लोग भी वहां रुक गए, लोगों को इकट्ठा होता देख कार चालक गाड़ी वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि कार में दो लोग सवार थे, लेकिन अभी तक पुलिस किसी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। घायल के सिर में चोट, दांत टूटे बृजेश ने बताया कि हादसे में सुनील यादव के सिर पर गंभीर चोट आई है और उसके दो दांत टूट गए हैं। इसके अलावा शरीर के पीछे की हड्डी में भी चोट बताई जा रही है। डॉक्टर उसका इलाज कर रहे हैं और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही चोटों की पूरी जानकारी मिल पाएगी। इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *