चंडीगढ़ में तेंदुआ घुसने से हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस और फॉरेस्ट विभाग की टीमें बुधवार रात से ही तेंदुए की तलाश कर रही हैं। हालांकि उसका अभी तक कोई पता नहीं चला है। तेंदुए को रात में सेक्टर 29 में देखा गया था। वह पीर दरगाह के पास पानी पीते हुए CCTV कैमरे में भी कैद हुआ था। तेंदुआ कहां से आया, इसके बारे में भी पड़ताल की जा रही है। चंडीगढ़ शहर में तेंदुए के घुसने से लोगों में दहशत है। महिलाओं और बच्चों को परिवार ने खास सतर्कता बरतने को कहा है। वहीं चंडीगढ़ के फॉरेस्ट अफसर ने कहा कि रात में सर्च किया था लेकिन तेंदुआ नहीं मिला। वह सीसीटीवी में नजर आया, इस वजह से टीमें अब भी उसकी तलाश कर रही हैं। जहां तेंदुआ दिखा, उसके आसपास जंगल है, इस वजह से दिक्कत हो रही है। रात को पार्क में टहलती महिला ने देखा
जानकारी के मुताबिक बुधवार शाम करीब 7:30 से 8 बजे के बीच सेक्टर-29 के एक पार्क में एक महिला अपने बच्चों के साथ टहल रही थी। इसी दौरान उसकी नजर झाड़ियों के पास घूमते हुए एक तेंदुए पर पड़ी। यह देखते ही महिला घबरा गई और तुरंत बच्चों को लेकर पार्क से बाहर निकल गई। घर पहुंचकर महिला ने इस बारे में अपने पति को बताया। इसके बाद उसके पति ने यह जानकारी पास में स्थित पीर दरगाह के लोगों को दी। CCTV फुटेज में दिखा, तलाशी अभियान चलाया
सूचना मिलने के बाद जब दरगाह परिसर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज देखी गई तो उसमें साफ दिखाई दिया कि एक तेंदुआ दरगाह के पास बने स्थान पर पानी पी रहा है। इसके बाद तुरंत पुलिस और फॉरेस्ट विभाग को सूचना दी गई। सूचना के बाद पुलिस और फॉरेस्ट विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आसपास के इलाके में पूरी रात तलाशी अभियान चलाया। हालांकि देर रात तक चलाए गए सर्च ऑपरेशन में तेंदुए का कोई सुराग नहीं मिल पाया। इलाके के लोग दहशत में, बच्चों के जाने पर रोक
फिलहाल पुलिस और फॉरेस्ट विभाग दोनों ही तेंदुए की मौजूदगी को लेकर आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं कर रहे हैं, लेकिन सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद इलाके के लोग काफी दहशत में हैं और सतर्कता बरत रहे हैं। इस दौरान बच्चों को उन जगहों पर अकेले नहीं जाने दिया जा रहा है। महिलाओं ने भी तेंदुआ दिखने वाली जगह से दूरी बना रखी है। फॉरेस्ट अफसर बोले- रात में नहीं मिला, आज भी ढूंढ रहे
इस बारे में चंडीगढ़ के फॉरेस्ट के अधिकारी अल्फाज ने बताया कि उनकी रात की ड्यूटी थी। पूरी रात उन्होंने सच की लेकिन तेंदुआ कहीं नहीं मिला। तेंदुआ सीसीटीवी में तो नजर आ रहा था। उसके बाद दूसरी टीम सर्च कर रही है। सेक्टर 29 में और उसके आसपास सभी एरिया में आसपास एरिया में जंगल लग जाता है। जिस कारण ढूंढने में थोड़ी सी परेशानी भी हो रही है लेकिन उनकी टीम सर्च कर रही है