चंडीगढ़ में दिनदहाड़े काले कपड़े और हेलमेट पहनकर आए लुटेरे ने चाकू की नोक पर लूट कर ली। आरोपी ने सब्जी विक्रेता को धमकाकर चांदी की चेन छीन ली। सरेआम वारदात करने के बाद आरोपी लुटेरा वहां से आराम से चला गया। इस दौरान वहां बाइक और पैदल लोग गुजरते रहे लेकिन किसी ने कोई विरोध या मदद नहीं की। आरोपी के फरार होने के बाद सब्जी विक्रेता ने सेक्टर 31 के पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। लूट की पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने शिकायत लेकर जांच शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक आरोपी के बारे में पता नहीं चल सका है। दिनदहाड़े लूट के PHOTOS… जानिए, फुटेज में क्या दिख रहा
सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि सब्जी विक्रेता रूटीन की तरह अपनी रेहड़ी लेकर गुजर रहा है। तभी बाईं तरफ से लुटेरा काले कपड़े पहनकर चेहरे पर हेलमेट लगाए हुए आता है। आते ही वह सब्जी विक्रेता का गला पकड़ लेता है। सब्जी विक्रेता एकदम से डर जाता है। वह उसकी तरफ देखता है, तब तक वह उसके गले से चांदी की चेन तोड़ लेता है। चेन सब्जी विक्रेता के गले में फंस जाती है तो वह उसे निकाल लेता है। सब्जी विक्रेता हिम्मत दिखाते हुए उसका एक हाथ पकड़ लेता है लेकिन लुटेरा जोर से उसका हाथ झटकता है और चेन को इकट्ठी कर अपनी जेब में डाल लेता है। इस दौरान वह चाकू दिखाकर धमकाता है। बाद में वह रेहड़ी वाले को धमकाते हुए आराम से वहां से चला जाता है। इस दौरान वहां चौकनुमा जगह से लोग पैदल और बाइक से गुजरते रहते हैं लेकिन न तो कोई यह देखता है कि वहां पर क्या हो रहा है और न ही कोई मदद के लिए रुकता है। ऐसा इसलिए भी हुआ क्योंकि लुटेरा रेहड़ी वाले से इस तरह से बात करता है कि मानों सब्जी लेने या अन्य किसी बात को लेकर उनके बीच झगड़ा हो रहा है। मगर, फिर भी किसी व्यक्ति ने वहां रुककर विरोध या मदद की कोशिश नहीं की। लूट के बारे में सब्जी विक्रेता ने क्या बताया
सब्जी विक्रेता महेंद्र ने बताया कि वह राम दरबार में परिवार के साथ रहता है। रविवार दोपहर करीब 12 बजे वह रोजाना की तरह अपनी रेहड़ी लेकर जा रहा था। इसी दौरान हेलमेट पहने एक युवक उसके पास आया और गालियां देने लगा। आरोपी ने उसका गला पकड़ लिया, जिससे उसकी चांदी की चेन टूट गई। महेंद्र ने आगे बताया कि जब उसने लुटेरे का विरोध किया तो आरोपी ने चाकू निकालकर गर्दन पर रख दिया। उसने धमकी दी कि अगर विरोध किया या शोर मचाया तो गले में चाकू मार देगा। डर के चलते महेंद्र कुछ नहीं कर सका और आरोपी चेन लेकर भाग गया। महेंद्र ने बताया कि यह चांदी की चेन उसकी पत्नी चुनमुन देवी ने करीब 4 साल पहले उसे गिफ्ट की थी। उसकी पत्नी ने अपनी बचत से पैसे जोड़कर यह चेन खरीदी थी, जो उनके प्यार की निशानी थी। लूट के बाद महेंद्र और उसका परिवार सदमे में है।