चंडीगढ़ के मलोया स्थित ग्वाला कॉलोनी (माड़ी के पास) में रविवार सुबह एक महिला की संदिग्ध हालत में मौत हो गई । लाश नाक कटी हालत में कमरे के अंदर मिली। परिवार के लोग उसे जल्दी ले जाने की कोशिश कर रहे थे। इस पर पड़ोसियों को शक हुआ और पुलिस को सूचना दी। मृतका की पहचान 28 वर्षीय रीना के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को भी हिरासत में लिया है। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। डीएसपी धीरज कुमार ने बताया कि इस मामले की सभी एंगल से जांच की जा रही है। सुबह मिला शव, इलाके में मची सनसनी जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह जब लोग इलाके से गुजर रहे थे, तो उन्हें घटना के बार में पता चला। इसके बाद मौके पर भीड़ जुट गई। पुलिस के अनुसार, मृतका रीना इलाके में किराए के मकान में रहती थी। वह पास की एक किराने की दुकान पर काम करती थी, जबकि उसका पति लकड़ी का काम करता है। परिजनों की हरकत से बढ़ा शक स्थानीय लोगों के मुताबिक, रविवार सुबह परिवार के लोग रीना के शव को ले जाने की कोशिश कर रहे थे। इस पर पड़ोसियों को शक हुआ और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिससे मामला संदिग्ध हो गया। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य सूचना मिलते ही मलोया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए । पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि घटना से जुड़े अहम सुराग मिल सकें और यह पता लगाया जा सके कि महिला के साथ क्या हुआ। एक युवक हिरासत में लिया मामले में पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ जारी है। हालांकि उसकी भूमिका को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मौत की असली वजह सामने नहीं आई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी। फिलहाल हर एंगल से जांच जारी है। पुलिस इन सवालों के जवाब ढूंढ रही रीना की मौत कैसे हुई? सबसे बड़ा सवाल यही है कि रीना की मौत किन परिस्थितियों में हुई। क्या उसकी हत्या की गई या किसी अन्य वजह से उसकी जान गई? पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह स्पष्ट होगा कि मौत का कारण क्या था- गला दबाना, चोट, या कोई अन्य कारण। नाक कटी हालत कैसे हुई? रीना का शव नाक कटी हालत में मिला है, जो इस मामले को और गंभीर बनाता है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह घटना मौत से पहले हुई या बाद में। अगर यह जानबूझकर किया गया है, तो इसके पीछे क्या कारण या मकसद था। परिवार के लोगों की क्या भूमिका है? परिजनों द्वारा शव को जल्दी ले जाने की कोशिश ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि क्या परिवार इस मामले में कुछ छिपा रहा था या वे सिर्फ घबराहट में ऐसा कर रहे थे। हिरासत में लिए गए युवक का क्या कनेक्शन है? जिस युवक को पुलिस ने हिरासत में लिया है, उसका रीना से क्या संबंध है और घटना में उसकी क्या भूमिका है- यह जांच का अहम हिस्सा है। पूछताछ के बाद ही उसकी संलिप्तता साफ होगी। घटना के समय रीना के साथ कौन था? सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल के जरिए यह पता लगाया जा रहा है कि घटना से पहले रीना किसके संपर्क में थी और आखिरी बार किसके साथ देखी गई थी। क्या यह पहले से रची गई साजिश है? पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं यह सुनियोजित हत्या तो नहीं। अगर पहले से योजना बनाई गई थी, तो इसमें कितने लोग शामिल थे और इसकी वजह क्या थी।