चंडीगढ़ में बच्चे को कुत्ते ने काटा, पड़ोसियों में मारपीट:चले पत्थर-डंडे, कई हुए घायल, सीसीटीवी में पूरी घटना कैद

चंडीगढ़ में पुलिसकर्मी के 7 साल के बेटे को पालतू कुत्ते ने काट लिया। इसके बाद इलाज करवाने की बात को लेकर कुत्ता मालिक और पुलिसकर्मी के बीच विवाद बढ़ गया, जो हाथापाई और पत्थरबाजी तक पहुंच गया। इस दौरान दो लोग घायल हो गए हैं। मारपीट का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग एक दूसरे को पीटते हुए नजर आ रहे हैं। इस संबंध में दोनों पक्षों ने पुलिस को शिकायत दी है। जिसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी को अपने कब्जे में ले कर जांच शुरू कर दी है। घटना रविवार दोपहर की है। छत पर खेल रहा था किक्रेट पुलिसकर्मी सुमित के मुताबिक, रविवार होने के कारण उनका बेटा घर की पहली मंजिल की छत पर क्रिकेट खेल रहा था। रविवार दोपहर करीब 3:30 बजे गेंद नीचे गिर गई। जैसे ही बच्चा गेंद लेने नीचे आया, पड़ोस में मौजूद कुत्ते ने उसे काट लिया। बच्चा चीखने लगा तो वह दौड़कर नीचे पहुंचे और बेटे को कुत्ते से छुड़ाया। पिता के अनुसार जब वह बेटे को इलाज के लिए ले जा रहे थे तो कुत्ते के मालिक साहिल और दीपक ने कहा कि वे खुद इलाज करवा देंगे। इसी बात को लेकर बहस हो गई। आरोप है कि इसके बाद डंडे लेकर मारपीट की गई। इस दौरान बीच-बचाव करने आए अंकित और सुनील नाम के दो युवकों को भी चोटें आईं।

पुलिसकर्मी सुमित ने बताया कि जब वह अपने बेटे को डॉक्टर के पास टीका लगवाने के लिए लेकर जा रहा था तो कुत्ते के मालिक साहिल ने उससे कहा कि हमारी गाड़ी में चलो। लेकिन जब उसने उसी कुत्ते को सामने देखा, जिसने उसके बच्चे को काटा था, तो उसने फिर कहा कि आपको पहले भी बोला था कि इस कुत्ते को कहीं दूर छोड़ दो और इसे बांधकर रखा करो। अगर कुत्ता मेरे बेटे को ज्यादा काट लेता तो मैं कहां जाता? वह मेरा इकलौता बेटा है। इसके बाद साहिल ने कहा कि इलाज के पैसे वही दे देंगे। इस पर सुमित को गुस्सा आ गया और उसने कहा कि क्या मेरा इकलौता बेटा है, जिसका इलाज मैं नहीं करवा सकता। सुमित ने बताया कि इसके बाद साहिल ने अपने भाई और भांजे को बुला लिया और वे उसके साथ मारपीट करने लगे। मारपीट होते देख थोड़ी दूरी पर मौजूद उसके गांव के कुछ लड़के, जो यहां पढ़ाई करने आए हुए हैं, बीच-बचाव करने पहुंचे। इस दौरान उन्हें भी चोटें आईं। अंकित और सुनील घायल हो गए। हाथ जोड़कर मांगी माफी वहीं दूसरी ओर कुत्ते के मालिक साहिल का कहना है कि उनकी मां घर के बाहर बैठी थीं और कुत्ता पास में था। इसी दौरान ऊपर रहने वाले बच्चे की गेंद नीचे गिरी। बच्चा जैसे ही गेंद उठाने आया, कुत्ते ने काट लिया। उनका कहना है कि उन्होंने तुरंत बच्चे को छुड़ाया और पिता से माफी भी मांगी, लेकिन इसके बाद विवाद बढ़ गया। साहिल का आरोप है कि दूसरी ओर से कुछ लोग बुलाकर डंडों से मारपीट की गई, जिसमें उसका भाई दीपक और भांजा अरमान घायल हुए। सीसीटीवी में पूरी घटना कैद मनीमाजरा में जिस जगह पर घटना हुई वहां पर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए थे, जिसमें पूरी घटना कैद हो गई। जिसमें पहले दोनों पक्ष मारपीट करते हुए नजर आ रहे है और उसी दौरान कुछ युवक सामने से आते है। वो आते ही मारपीट करने लगते है। पुलिस ने सीसीटीवी को अपने कब्जे में ले लिया और जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *