चंडीगढ़ में म्यूजिशियन व युवती हेरोइन तस्करी में अरेस्ट:नशे की होम डिलीवरी का शक, पुलिस दोनों का नेटवर्क तलाशने में जुटी

चंडीगढ़ पुलिस ने नशा तस्करी के आरोप में एक संगीतकार और एक युवती को हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान संदीप उर्फ मोहम्मद सलमान और 22 वर्षीय वंदना, निवासी गांव बलियाली (मोहाली) के रूप में हुई है। दोनों को अलग-अलग मामलों में गिरफ्तार किया गया है। वंदना 12वीं पास बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। वहीं, सूत्रों के मुताबिक पुलिस को शक है कि दोनों हेरोइन की होम डिलीवरी करते थे। इसी कड़ी में पुलिस इनके पूरे नेटवर्क को तोड़ने में जुटी है। पुलिस के सवालों को नहीं दे पाया जवाब चंडीगढ़ पुलिस की ओर से इन दिनों नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान पुलिस गश्त कर रही थी, तभी मालोया इलाके से 33 वर्षीय संदीप उर्फ मोहम्मद सलमान को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 7.16 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। जब उससे हेरोइन के बारे में पूछताछ की गई तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी का एक दिन का रिमांड लिया गया है और अब उसके नेटवर्क की जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि पेशे से संगीतकार होने के चलते कहीं वह इंडस्ट्री से जुड़े लोगों को भी नशा तो नहीं सप्लाई कर रहा था। युवती 12वीं तक पढ़ी हुई है इसी तरह पुलिस ने मोहाली के सेक्टर-74ए के पास गांव बलियाली की रहने वाली 22 वर्षीय वंदना को भी गिरफ्तार किया। उसके पास से 15.05 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। इस मामले में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। युवती के नशा तस्करी में शामिल होने से पुलिस के सामने एक नई चुनौती खड़ी हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *