चंडीगढ़ की डड्डूमाजरा कॉलोनी में एक युवक पर तेजधार हथियारों से हमला करने के मामले पुलिस ने 9 दिन बाद एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं घायल के परिवार ने पुलिस पर समझौते का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। घायल अक्षय कुमार के भाई नीरज ने बताया कि 18 फरवरी की रात करीब 9:30 बजे अक्षय कॉलोनी के पार्क में बैठा हुआ था। तभी साधु और उसके कुछ साथी वहां पहुंचे। उनके हाथों में तेजधार हथियार थे। आरोप है कि आते ही उन्होंने अक्षय पर हमला कर दिया। हमले में अक्षय के सिर, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल को तुरंत सेक्टर-16 स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसके सिर पर 9 टांके लगाए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल के बयान दर्ज किए। पुलिस ने नीरज की शिकायत पर साधु, अजय और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। 9 दिन बाद एक आरोपी गिरफ्तार घटना के 9 दिन बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी साधु को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं। घायल के भाई नीरज का आरोप है कि पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करने में जानबूझकर देरी कर रही थी और उन पर समझौते का दबाव बनाया जा रहा था। उनका कहना है कि जब उन्होंने सख्ती से कार्रवाई की मांग की, तब जाकर एक आरोपी को पकड़ा गया। वहीं चौकी इंचार्ज सूर्य प्रकाश ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।