चंडीगढ़ में रिटायर्ड इंस्पेक्टर के बेटे की पत्नी अमनदीप कौर की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में सेक्टर-49 थाना प्रभारी ओम प्रकाश को डीजीपी डा. सागर प्रीत हुड्डा के आदेश पर लाइन हाजिर कर दिया गया है।इस मामले में आई विसरा रिपोर्ट में पुष्टि हुई है कि अमनदीप कौर की मौत जहरीला पदार्थ खाने से हुई थी। रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस ने ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने सेक्टर-51 स्थित पुलिस सोसायटी निवासी रिटायर्ड इंस्पेक्टर स्वर्ण सिंह, उनके बेटे गगनदीप सिंह और बहू गुरजीत कौर के खिलाफ दहेज मृत्यु की धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। तीनों आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। परिजनों ने जताया था पहले से शक अमनदीप कौर के मायके पक्ष ने शुरू से ही ससुराल पक्ष पर संदेह जताया था। मामला गंभीर होने के चलते विसरा जांच के लिए सैंपल केंद्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (सीएफएसएल) भेजा गया था। रिपोर्ट में जहर मिलने की पुष्टि के बाद परिजनों की आशंका सही साबित हुई। परिजनों को जब यह जानकारी मिली कि गगनदीप सिंह की कनाडा जाने की फ्लाइट है, तो उन्होंने डीजीपी से तुरंत कार्रवाई की मांग की थी। डीएसपी साउथ ने खुद दर्ज करवाई एफआईआर मामले की गंभीरता को देखते हुए डीजीपी ने थाना प्रभारी ओम प्रकाश को तलब कर पूछताछ की और बाद में उन्हें लाइन हाजिर कर दिया। डीएसपी साउथ गुरजीत कौर ने स्वयं इस मामले में एफआईआर दर्ज करवाई। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। 2021 में हुई थी शादी, कनाडा में रह रहा था दंपती जानकारी के मुताबिक, स्वर्ण सिंह के बेटे गगनदीप सिंह की शादी वर्ष 2021 में अमनदीप कौर से हुई थी। शादी के बाद दोनों कनाडा में रहने लगे थे। उनकी एक छोटी बेटी भी है।फरवरी 2025 में स्वर्ण सिंह इंस्पेक्टर पद से सेवानिवृत्त हुए थे। रिटायरमेंट पार्टी में शामिल होने के लिए गगनदीप और अमनदीप अपनी बेटी के साथ चंडीगढ़ आए थे। बताया जा रहा है कि पार्टी की रात अमनदीप और ससुराल पक्ष के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद अमनदीप की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।