चंडीगढ़ में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वालों पर एक बार फिर से सख्ती शुरू कर दी गई है। शराब पीकर गाड़ी चलाने, नंबर प्लेट पर टेप लगाने और खुलेआम रॉन्ग साइड व साइकिल ट्रैक पर वाहन दौड़ाने वालों के खिलाफ अब दोबारा मैनुअल चालान काटे जाएंगे। ट्रैफिक पुलिस ने इस संबंध में नए आदेश जारी कर दिए हैं। पिछले कुछ समय से मैनुअल चालान बंद कर दिए गए थे और चालान केवल सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से किए जा रहे थे। इसके बाद कई वाहन चालकों ने ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ानी शुरू कर दी थीं। कैमरों से बचने के लिए कुछ लोगों ने अपनी गाड़ियों की नंबर प्लेट के पीछे टेप तक लगा रखा था, ताकि ई-चालान से बचा जा सके। एंट्री प्वाइंट पर चेकिंग की शिकायतें शहरवासियों ने पुलिस अधिकारियों से शिकायत की थी कि ट्रैफिक पुलिस के जवान ज्यादातर शहर के एंट्री प्वाइंट पर दूसरे राज्यों से आने वाले वाहनों को रोककर जांच के नाम पर परेशान करते हैं। कई मामलों में बिना किसी स्पष्ट उल्लंघन के भी वाहन चालकों को रोका जा रहा था। इन शिकायतों के बाद डीजीपी सागरप्रीत हुड्डा ने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि बिना ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन किए किसी भी वाहन चालक को रोककर परेशान न किया जाए। केवल उन्हीं मामलों में मैनुअल चालान किया जाएगा, जहां नियमों का उल्लंघन स्पष्ट रूप से दिखाई देता हो। विजुअल उल्लंघन पर ही होगा मैनुअल चालान ट्रैफिक डीएसपी की ओर से जारी आदेशों में कहा गया है कि अब केवल विजुअल उल्लंघन जैसे शराब पीकर वाहन चलाना, नंबर प्लेट से छेड़छाड़, रॉन्ग साइड ड्राइविंग और साइकिल ट्रैक पर गाड़ी चलाना,जैसे मामलों में ही मौके पर मैनुअल चालान काटे जाएंगे। मैनुअल चालान दोबारा शुरू करने का उद्देश्य नियम तोड़ने वालों पर नकेल कसना है, न कि आम वाहन चालकों को परेशान करना। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों का पालन करने वालों को किसी तरह की दिक्कत नहीं होगी, लेकिन उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।