चंडीगढ़ में सैलून संचालक पर तलवारों से हमला:दोनों हाथों की हथेलियां कटी, 6 माह पहले भी किया हमला, CCTV खंगाल रही पुलिस

चंडीगढ़ के मौली जागरा के विकास नगर में सैलून संचालक पर कुछ युवकों द्वारा तलवारों से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में युवक के दोनों हाथों पर गंभीर चोटें आई हैं। घायल युवक की पहचान मोहम्मद गुफरान के रूप में हुई है। पुलिस को दी शिकायत में मोहम्मद गुफरान ने बताया कि उसका विकास नगर में सैलून है। साल 2025 में दिवाली पर भी इन युवकों ने उस पर हमला किया था, जिन्होंने अब फिर हमला किया है। वीरवार की शाम विकास नगर इलाके में 10 से 15 युवकों ने अचानक उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावर तेजधार हथियारों और तलवारों से लैस थे। उन्होंने गुफरान के दोनों हाथों पर लगातार वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। दोनों हाथों की हथेलियां तलवार के वार से कट गई हैं। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल युवक को उठाकर सेक्टर-32 स्थित सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया। 6 माह पहले भी किया हमला घायल गुफरान के परिवार ने आरोप लगाया कि यह पहली बार नहीं है जब गुफरान पर हमला किया गया हो। उनके मुताबिक, कुछ महीने पहले भी इन्हीं युवकों ने उस पर हमला किया था, जिसकी शिकायत पुलिस को दी गई थी। परिजनों का आरोप है कि उस मामले में सख्त कार्रवाई नहीं होने के कारण आरोपियों के हौसले और बढ़ गए। घटना की सूचना मिलते ही मौली जागरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके। वहीं स्थानीय लोगों ने इलाके में पुलिस गश्त को लेकर नाराजगी जताई है। लोगों का कहना है कि मौली जागरा क्षेत्र में पुलिस पेट्रोलिंग बहुत कम होती है, जिस कारण असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने प्रशासन से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *