चंडीगढ़ में हत्या करने वाले 5 गिरफ्तार:होली के दिन युवक की चाकू मारकर हत्या, 2 नाबालिग शामिल, लाठी-डंडों से किया हमला

चंडीगढ़ के मक्खन माजरा इलाके में होली के दिन हुए झगड़े के बाद 21 वर्षीय युवक अंकित की चाकू मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें 2 नाबालिग शामिल हैं। मृतक अंकित मूल रूप से बिहार के गोपालगंज का रहने वाला था और चंडीगढ़ में रहकर मजदूरी करता था। परिवार के अनुसार घर में उसकी बहन की शादी तय थी और वह इन दिनों शादी की तैयारियों में जुटा हुआ था। आरोपियों को मौली जागरा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर हरिओम शर्मा की अगुआई में टीम ने पकड़ा है। लाठी-डंडों से किया हमला शिकायतकर्ता भगवान साहनी ने पुलिस को बताया कि 4 मार्च को दोपहर करीब 2 बजे वह अपने बेटे अंकित के साथ मक्खन माजरा के कबाड़ी मार्केट में बैठे थे। आसपास लोग होली खेल रहे थे और शोर-शराबा कर रहे थे। इसी दौरान कुछ युवक वहां से भागते हुए निकले और उनके पीछे अरविंद, करण, बचन और बॉबी सहित कुछ अन्य युवक लाठी-डंडे लेकर आ गए। आरोप है कि उन्होंने शिकायतकर्ता और उसके बेटे अंकित को उन लड़कों का साथी समझकर मारपीट शुरू कर दी। वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया। इसके बाद बॉबी ने धमकी दी कि वह अपने साथियों को बुलाकर सबक सिखाएगा। हत्या के बाद आरोपी बाइक व पैदल भागे कुछ देर बाद कई युवक बाइक और पैदल मौके पर पहुंचे। उनके पास लाठी-डंडे और चाकू थे। आरोप है कि अरविंद ने शिकायतकर्ता को डंडे से मारा और अंकित को पकड़ लिया। इसी दौरान बॉबी ने अंकित के पेट में चाकू मार दिया, जबकि एक अन्य युवक ने उसके हाथ के पास चाकू से वार किया। गंभीर रूप से घायल अंकित मौके पर ही गिर पड़ा। परिजन उसे तुरंत सेक्टर-32 स्थित सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बीच-बचाव करने के दौरान शिकायतकर्ता को भी चोटें आईं। मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने अरविंद, बॉबी और सोनू को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो नाबालिगों को भी काबू किया गया है। आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल किए गए डंडे और चाकू भी बरामद कर लिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *