चंडीगढ़ में 3 दिन बाद तेज बारिश:उमस भरी गर्मी से राहत, तापमान में गिरावट; सुखना लेक के आस-पास आवाजाही रोकी

चंडीगढ़ में रविवार की दोपहर करीब 12:30 बजे से तेज बारिश का सिलसिला शुरू हुआ, जो अब तक रुक-रुक कर जारी है। लंबे समय बाद हो रही इस बारिश से एक ओर जहां शहरवासियों को तीन दिन की उमस और गर्मी से राहत मिली है, वहीं दूसरी ओर प्रशासन की चिंता भी बढ़ गई हैं। बारिश के कारण CET परीक्षा देने आए कैंडिडेट्स बचने के लिए सेंटरों के पास शरण लेते देखे गए। इससे पहले चंडीगढ़ में बीते तीन दिन तक मौसम शुष्क बना रहा था, जिससे उमस जैसी स्थिति बन गई थी। लेकिन आज की बारिश से तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई। सुबह के वक्त तापमान करीब 36 डिग्री सेल्सियस था, जो बारिश के बाद 33 डिग्री के आसपास पहुंच गया है। सुखना लेक के आस-पास आवाजाही रोकी बारिश का असर सुखना लेक पर भी दिखने लगा है। प्रशासन ने लेक के आस-पास अलर्ट जारी कर दिया है, क्योंकि लेक का जलस्तर खतरे के निशान से सिर्फ एक फीट नीचे रह गया है। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए लेक क्षेत्र में आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, अगर बारिश का यह सिलसिला अगले दो दिन और इसी तरह जारी रहा, तो सुखना लेक के फ्लड गेट खोलने की नौबत भी आ सकती है। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही इन गेट्स को ट्रायल के तौर पर खोला गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *