चंडीगढ़ के सेक्टर-23 स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) में बुधवार को उस समय हंगामा हो गया, जब एटीएम मशीन खराब होने की बात को लेकर एक व्यक्ति सिक्योरिटी गार्ड और बैंक स्टाफ से उलझ गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी उसे समझाकर बाहर ले जा रहे थे, तभी उसने एएसआई के साथ हाथापाई कर दी और थप्पड़ मार दिए, जिससे उनकी पगड़ी भी नीचे गिर गई। बाद में मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों ने आरोपी को काबू कर लिया। आरोपी की पहचान सेक्टर-24 निवासी अवतार सिंह के रूप में हुई है, जो साइकियाट्रिक समस्या से पीड़ित है और उसका इलाज चल रहा है। आरोपी के भाई द्वारा माफी मांगने के बाद पुलिस ने कोई मामला दर्ज नहीं किया। पैसे निकालने पहुंचा बैंक जानकारी के अनुसार, अवतार सिंह बुधवार को सेक्टर-23 स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम में पैसे निकालने पहुंचा था। वहां मौजूद सिक्योरिटी गार्ड ने उसे बताया कि एटीएम मशीन काम नहीं कर रही और वह पास के दूसरे एटीएम से पैसे निकाल सकता है। इसी बात को लेकर अवतार सिंह पहले सिक्योरिटी गार्ड से उलझ गया और फिर बैंक के अंदर जाकर स्टाफ से भी बहस करने लगा। स्थिति बिगड़ती देख बैंक मैनेजर ने पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी। बैंक से बाहर निकलते ही मारपीट सूचना मिलते ही एरिया बीट इंचार्ज एएसआई लखबीर सिंह मौके पर पहुंचे। एएसआई लखबीर सिंह अवतार सिंह को समझाकर बैंक के बाहर ले जा रहे थे कि तभी आरोपी ने अचानक गालियां देनी शुरू कर दीं और एएसआई को थप्पड़ मार दिए। इस दौरान उनकी पगड़ी भी नीचे गिर गई। घटना देख मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया। थोड़ी देर बाद अन्य पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंच गए और आरोपी को काबू कर पुलिस वाहन में बैठाया गया। इस दौरान आरोपी जिद करने लगा कि वह गाड़ी की आगे वाली सीट पर बैठेगा और गाड़ी भी खुद चलाएगा। पुलिसकर्मियों ने उसे समझाकर पीछे की सीट पर बैठाया। भाई ने माफी मांगी, केस दर्ज नहीं हुआ थाना-17 पुलिस के अनुसार, मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है, क्योंकि मारपीट करने वाला अवतार साइकियाट्रिक मरीज है और वह अपनी दवा लेना भूल गया था। बैंक मैनेजर की ओर से भी कोई शिकायत नहीं दी गई। वहीं आरोपी के भाई गुरमीत सिंह के मौके पर पहुंचकर माफी मांगने के बाद पुलिसकर्मी ने भी कोई शिकायत दर्ज नहीं करवाई। मारपीट से जुड़ी PHOTOS….