चंडीगढ़ स्थित रोज गार्डन के लेडीज बाथरूम में महिला दीक्षा ठाकुर (30) की लाश मिलने के मामले में पुलिस जांच में कई खुलासे हुए हैं। दीक्षा का पति IT इंजीनियर है। उनका 3 साल का बेटा भी है लेकिन एक साल से दीक्षा अपने पति से अलग रह रही थी। पुलिस को उसके डिप्रेशन की दवा लेने का भी पता चला है। इसके अलावा पुलिस को रोजगार्डन के आसपास के CCTV कैमरों में वह अकेले आती दिखी है। हालांकि रोजगार्डन में कैमरे न होने की वजह से अंदर उसे कौन मिला, इसके बारे में पता नहीं चल पाया है। फिलहाल पुलिस ने इसे अब हत्या के साथ सुसाइड के एंगल से भी जांच कर रही है। इसके लिए मौके से मिले चाकू के फिंगर प्रिंट की जांच कराई जा रही है। इसके अलावा दीक्षा से मिले मोबाइल की कॉल डिटेल की भी जांच की जा रही है। दीक्षा अभी मोहाली के फेज-11 के PG में रहती थी। वह इंडस्ट्रियल एरिया में किसी न्यूज चैनल में काम करती थी। दीक्षा का आज सेक्टर 16 के अस्पताल में पोस्टमॉर्टम हुआ। इसके लिए 3 डॉक्टरों के मेडिकल बोर्ड का गठन किया गया था। पोस्टमॉर्टम पूरा होने के बाद शव को पति के साथ यूपी के सहारनपुर में ले जाने दिया गया। दीक्षा ठाकुर की 2 PHOTO… ऑफिस में कहा था- तबीयत खराब है
पुलिस ने इस मामले में दीक्षा के ऑफिस में भी पूछताछ की। इस दौरान उसके सहकर्मियों ने बताया कि वह शनिवार को ऑफिस आई थी। दोपहर करीब 2 बजे उसने कहा कि उसकी तबीयत ठीक नहीं है। फिर वह घर जाने के बजाय रोजगार्डन चली गई। पुलिस ने जांच की तो उसके पर्स में डिप्रेशन की कुछ दवाईयां भी मिलीं। हालांकि वह पति से रिश्ते बिगड़ने या बेटे से अलग रहने की वजह से डिप्रेशन में थी या किसी दूसरी वजह से, इसके बारे में अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। बहन-जीजा के घर रहती थी दीक्षा मृतक दीक्षा यूपी के सहारनपुर स्थित लेबर कॉलोनी के रहने वाली है और उसका पति रित्विक सहारनपुर के मदन पुरी में रहता है। मदन के पिता हरि ओम सहारनपुर में ही प्रिंसिपल थे, उसके बाद मुजफ्फरनगर से रिटायर हुए। मृतक दीक्षा ने उनके स्कूल में ही पढ़ाई की है। मृतक दीक्षा तीन बहने हैं। उसकी एक बहन चंडीगढ़ में रहती है और एक सहारनपुर में ही रहती है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि दीक्षा अपनी बहन और जीजा के साथ ही चंडीगढ़ रहती थी। पुलिस अब जांच रही है कि दीक्षा डिप्रेशन में इतनी लास्ट कंडीशन पर पहुंच गई थी और यह बात उसके साथ रहने वाले लोगों को नहीं पता चला। उन्होंने इसे लेकर दीक्षा के पति को क्यों नहीं बताया ये भी जांच का विषय है। पति बोला- 7 महीने से बेटे से मिलने नहीं आई
पोस्टमॉर्टम के वक्त पहुंचे दीक्षा के पति रित्विक ने कहा कि वह सहारनपुर में आईटी कंपनी में जॉब करता है। उसकी पत्नी दीक्षा करीब 1 साल से चंडीगढ़ में रह रही है अप्रैल तक वह अपने 4 साल के बेटे को मिलने के लिए आती रही लेकिन उसके बाद नहीं आ रही थी। इस बीच दीक्षा ने उसे भी एक बार फोन नहीं किया। अलग रहने का डिसीजन उसी का था। अलग होने से पहले उसे कम डिप्रेशन था। उसके बाद चंडीगढ़ जाकर ज्यादा बढ़ गया। ससुर बोले- आजकल में दोनों को सुलह के लिए बिठाने वाले थे मृतक दीक्षा के ससुर हरिओम ने बताया कि कुछ समय से प्रयास चल रहा था कि दोनों को पति और पत्नी को आपस में बिठाकर बात करवा दे। आजकल में इन दोनों को बिठाने वाले थे। हमारी बात भी चल रही थी, लेकिन उन्हें क्या पता था कि दीक्षा यह कदम उठा लेगी। दोनों में कोई झगड़ा भी नहीं हुआ था। दीक्षा की मौत हत्या या आत्महत्या?
शुरुआती हालातों की वजह से दीक्षा की मौत को हत्या माना गया। चाकू से उसका गला कटा हुआ था। कोई व्यक्ति खुद ही अपना गला रेत दे, शुरुआती हालात में इस पर यकीन नहीं किया जा रहा है। हालांकि पुलिस इसे सुसाइड के एंगल से भी देख रही है। इसकी बड़ी वजह ये है कि कत्ल वाला चाकू वहीं मिला। इसके साथ महिला के शरीर पर गले को छोड़कर कहीं भी कोई इंजरी नहीं थी। दीक्षा का पर्स, मोबाइल समेत सभी सामान भी वहीं मिला। ऐसे में अगर यह हत्या होती तो सबूत मिटाने की कोई कोशिश नहीं हुई। इसके अलावा टॉयलेट के बाहर बैठे केयरटेकर विकास ने भी किसी को भागते हुए नहीं देखा। इस घटना में कल क्या हुआ, सिलसिलेवार ढंग से जानिए… बाथरूम में लाश देख खून-खून चिल्लाती दौड़ी महिला
पुलिस के मुताबिक शनिवार दोपहर करीब 3 बजे एक टूरिस्ट महिला सेक्टर-16 स्थित रोज गार्डन में पार्क में बने बाथरूम में गई थी। जहां पर उसने एक महिला को बेसुध पड़े देखा। महिला के शरीर से खून निकल रहा था। घटना स्थल पर मौजूद महिला बुरी तरह से घबरा गई और डरकर खून-खून चिल्लाने लगी। इसके बाद वह दौड़कर बाहर आई और रोते हुए ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को पूरी बात बताई। ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को बुलाया, बाथरूम सील किया
महिला ने कहा कि बाथरूम में महिला की लाश पड़ी है। उसके शरीर से खून निकल रहा है। पास में ही चाकू भी पड़ा है। इसके बाद ट्रैफिक पुलिसकर्मी तुरंत वहां पहुंचे। इसके बाद कंट्रोल रूम में सूचना दी गई। जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बाथरूम के आसपास के इलाके को सील कर दिया। पर्स, मोबाइल, चाकू जब्त किए
पुलिस अधिकारियों ने मौके की जांच की तो वहां चाकू भी मिला। फॉरेंसिक टीम के जरिए उसमें लगे फिंगर प्रिंट इकट्ठा किए गए। इसके अलावा लाश के पास से मोबाइल भी मिला। इसके अलावा उसका पर्स भी वहीं था। पुलिस ने सारा समान जब्त कर लिया और लाश को सेक्टर 16 अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने बाथरूम को ताला लगवा दिया है। केयरटेकर हरियाणा गई हुई थी
पुलिस ने लेडीज बाथरूम को लेकर भी जांच की तो पता चला कि यहां पर सलमा नाम की महिला की ड्यूटी लगी थी। मगर, शनिवार को उसकी रिश्तेदारी में किसी की डेथ हो गई थी। जिसके बाद वह हरियाणा में कैथल जिले के पुंडरी में चली गई।