चंडीगढ़-शिमला हाईवे पर दो गुटों में झड़प, VIDEO:हरियाणा के टूरिस्ट का ड्रंक ड्राइविंग का चालान, बीच सड़क पर हंगामा और धक्कामुक्की

चंडीगढ़-शिमला नेशनल हाईवे पर हिमाचल के सोलन के रबौन क्षेत्र में आज सुबह तड़के करीब छह बजे उस समय जोरदार हंगामा हुआ, जब हरियाणा के कुछ टूरिस्ट और एक लोकल युवक के बीच लड़ाई हो गई। दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ने के बाद उन्होंने बीच सड़क पर अपनी गाड़ियां खड़ी कर दीं, जिससे हाईवे पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। इससे वाहनों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई। एसपी सोलन तिरुमलाराजू एसडी वर्मा ने बताया कि पुलिस ने हरियाणा नंबर HR-10AZ-7026 की गाड़ी का ड्रंक ड्राइविंग का चालान कर दिया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार- सुबह के समय शुरू हुआ यह विवाद काफी देर तक चलता रहा। दोनों गुटों के युवक सड़क पर खुलेआम हंगामा करते रहे। इस दौरान उन्होंने एक-दूसरे के साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की। इनका हुड़दंग देखकर आसपास की रिहायशी कॉलोनी के लोग सहमे गए। लोग हॉर्न बजाते रहे, इन पर असर नहीं दिखा हाईवे पर दूसरे वाहन चालक लगातार हॉर्न बजाते रहे, लेकिन हुड़दंगियों पर इसका कोई असर नहीं पड़ा। हाईवे जैसे व्यस्त मार्ग पर इस तरह की घटना से कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए। बीच सड़क पर गाड़ियां खड़ी कर दादागिरी करने से आम लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। हरियाणा नंबर की गाड़ी का चालान काटा घटना की सूचना मिलने के कुछ देर बाद पुलिस हरकत में आई। सोलन पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए हरियाणा नंबर की उस गाड़ी का चालान काटा, जिसे बीच सड़क पर खड़ा किया गया था और वह शराब पीकर गाड़ी चला रहा था। बताया जा रहा है कि कार में सवार हरियाणा के युवक शिमला से वापस लौट रहे थे। इस दौरान गाड़ी ठीक से नहीं चलाने को लेकर लेकर दोनों में बहस हो गई और दोनों गुट एक दूसरे पर गलत ढंग से गाड़ी चलाने के आरोप लगाते रहे। हुड़दंगियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग इनके हुड़ंदग से जुड़ा वीडियो अब सोशल मीडिया में खूब वायरल हो रहा है। लोग ऐसे शरारती तत्व के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और हाईवे पर यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे। बीच सड़क पर इस तरह टूरिस्ट का हंगामा खुलेआम कानून की अवहेलना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *