चंडीगढ़- BJP दफ्तर ब्लास्ट, 2 मुख्य आरोपी गिरफ्तार:एक ने बम फेंका था, दूसरे ने वीडियो बनाया; जर्मनी और पुर्तगाल से जुड़े तार

चंडीगढ़ के सेक्टर-37 स्थित पंजाब भाजपा मुख्यालय के बाहर ब्लास्ट के मामले में पंजाब पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसमें रतनगढ़ मोरिंडा के रहने वाले अमनप्रीत सिंह और गुरतेज सिंह शामिल हैं। आरोप है कि अमनप्रीत सिंह ने बम फेंका था, जबकि गुरतेज सिंह ने इसका वीडियो बनाया था, उनके पास से एक पिस्टल भी बरामद हुई है। हालांकि इससे पहले भी पुलिस 5 आरोपियों के गिरफ्तार कर चुकी है। जिसमें बलविंदर लाल उर्फ शम्मी, जसवीर सिंह उर्फ जस्सी, चरणजीत सिंह उर्फ चन्नी, रूबल चौहान और मनदीप उर्फ अभिजोत शर्मा शामिल हैं। पंजाब डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि इस पूरी साजिश के तार पुर्तगाल और जर्मनी में बैठे हैंडलर्स से जुड़े हैं, जिनकी पहचान कर ली गई है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI की पंजाब में अफरातफरी फैलाने की कोशिश थी। गौरतलब है कि बीते बुधवार (1 अप्रैल) की शाम को ब्लास्ट किया गया था। इससे मौके पर खड़ी कई कारों के शीशे टूट गए और आसपास की दीवार पर छर्रों के निशान बन गए। घटना के 2 वीडियो वायरल हुए, जिसमें से एक में व्यक्ति ग्रेनेड बम फेंकता दिखा। जबकि, दूसरे वीडियो में बाइक पर जाते दो लोग दिखे। वहीं, सोशल मीडिया पर एक पोस्ट भी वायरल हुई थी, जिसमें इस हमले की जिम्मेदारी खालिस्तानी संगठन ने ली। पाकिस्तान-ISI से जुड़े मॉड्यूल का खुलासा DGP के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया कि यह पूरा मॉड्यूल पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़ा हुआ था। इस नेटवर्क को विदेश में बैठे हैंडलर्स चला रहे थे, जिनकी लोकेशन पुर्तगाल और जर्मनी में बताई जा रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी एक संगठित नेटवर्क का हिस्सा थे, जिसमें अलग-अलग स्तर पर कई लोग जुड़े हुए थे और सभी को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई थीं। पुलिस जांच में पता चला कि आरोपियों के पास हैंड ग्रेनेड, हथियार और कारतूसों की खेप पहुंचाई गई थी। यह खेप कई लोगों के जरिए आगे बढ़ाई गई और आखिर में हमले को अंजाम देने वालों तक पहुंचाई गई। बताया जा रहा है कि पुर्तगाल में बैठे हैंडलर बलजोत सिंह उर्फ जोत के निर्देश पर पूरे हमले की साजिश रची गई और उसे अंजाम दिया गया। पाकिस्तानी ग्रेनेड के यूज होने का दावा इससे पहले इस मामले में सूत्रों से पता चला था कि हमले में GHD2P हैंड ग्रेनेड का इस्तेमाल किया गया था। यह ग्रेनेड पाकिस्तान में बनाया जाता है। विस्फोट के बाद यह करीब 5 से 10 मीटर के दायरे में बेहद घातक साबित हो सकता है। वहीं, इसके टुकड़े 20 से 25 मीटर तक फैल सकते हैं, जिससे आसपास मौजूद लोगों के गंभीर रूप से घायल होने का खतरा रहता है। हमले के बाद 2 नए वीडियो भी सामने आए थे। हमले से कुछ मिनट पहले वीडियो में BJP ऑफिस के पास स्थित एक अन्य दफ्तर के बाहर 2 संदिग्ध खड़े दिखाई दिए। वहीं, दूसरे वीडियो में हमले के बाद दोनों संदिग्ध सड़क के दूसरी ओर भागते हुए कैद हुए हैं। ऐसे जांच में उलझी रही चंडीगढ़ पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी सेक्टर-24 (जहां पर VIP रहते हैं) में सड़क किनारे बने बस स्टॉप पर खड़े होकर बस का इंतजार करने लगे, जैसे ही CTU की बस आई उसमें बैठ गए और सेक्टर-43 बस स्टैंड पर उतर गए। इसके बाद वहां से खरड़ की बस ली। चंडीगढ़ पुलिस की जांच में सामने आया कि इन दोनों आरोपियों के पास 20-20 रुपए थे। जबकि किराया ज्यादा लगा था। जिसके बाद उनमें से एक ने बस में मौजूद एक शख्स को गूगल-पे के जरिए पैसे दिए और उसे कैश कुछ पैसे ले लिए, जो किराया उसने बस कंडक्टर को दिया। बीजेपी ऑफिस के साथ लगते पेट्रोल पंप से चंडीगढ़ पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज ली थी। उसमें एक बाइक पर दो शख्स सवार होकर जा जाते दिखे, जिसकी जांच में ही पुलिस उलझी रही। लेकिन आरोपी सड़क पार कर सामने सेक्टर-24 की तरफ से बस में बैठकर भा गए थे। इसी कारण आरोपी चंडीगढ़ पुलिस के हाथ नहीं लगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *