सब कुछ योजना के मुताबिक रहा तो चंडीगढ़ सेक्टर-16 स्थित Government Multi Specialty Hospital (जीएमएसएच-16) में अगले हफ्ते से इवनिंग ओपीडी सुविधा शुरू हो जाएगी। हेल्थ विभाग इसे पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू करने जा रहा है। हेल्थ निदेशक डॉ. सुमन सिंह ने कहा शुरुआत में 4 या 5 एमडी डॉक्टरों के साथ शाम की ओपीडी शुरू की जाएगी। यदि मरीजों का अच्छा रुझान रहा तो इसे अन्य विभागों में भी लागू किया जाएगा। इवनिंग ओपीडी का समय शाम 5 बजे से 7 बजे तक रहेगा। सोशल वेलफेयर कमेटी ने दिया था सुझाव चंडीगढ़ प्रशासन की सामाजिक कल्याण समिति ने सरकारी अस्पतालों में इवनिंग ओपीडी शुरू करने का सुझाव दिया था, ताकि ऑफिस के बाद भी मरीज इलाज करा सकें। इससे पहले वर्ष 2013 में भी यह सुविधा शुरू की गई थी, लेकिन अधिक समय तक जारी नहीं रह सकी थी। जीएमएसएच-16 में सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक ओपीडी चलती है। रोजाना करीब 3,500 मरीज ओपीडी में आते हैं, जबकि इमरजेंसी में लगभग 400 मरीजों का इलाज होता है। डेंगू और वायरल बुखार के मौसम में यह संख्या दोगुनी हो जाती है। करीब 1500 बिस्तरों वाले इस जिला अस्पताल में क्षेत्रभर से रेफरल केस भी आते हैं। केवल गायनी विभाग में ही रोजाना 350 से 400 मरीज देखे जाते हैं। ऐसे में इवनिंग ओपीडी मरीजों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकती है। मनीमाजरा सिविल अस्पताल में स्पेशियलिटी सेवाएं इधर, मनीमाजरा सिविल अस्पताल में हाल ही में साइकैट्री, डर्माटोलॉजी और पीडियाट्रिक की स्पेशियलिटी सेवाएं शुरू की गई हैं। दो-दो घंटे के स्लॉट में सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टर सेवाएं दे रहे हैं। विभाग का कहना है कि इसका उद्देश्य बड़े अस्पतालों पर मरीजों का दबाव कम करना है। हेल्थ विभाग तीनों सिविल अस्पतालों और जीएमएसएच-16 को पेपरलेस बनाने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और मजबूत नेटवर्किंग सिस्टम विकसित किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार एक-दो महीने में डिजिटल व्यवस्था लागू कर दी जाएगी।