चंबा के चुराह से लापता दो नाबालिग लड़कियां मिलीं:पुलिस ने 24 घंटे में घोल्टी गांव से सुरक्षित किया बरामद, परिजनों को सौंपा

चंबा जिले के चुराह उपमंडल से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुई दो नाबालिग लड़कियों को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुरक्षित बरामद कर लिया है। पुलिस ने उन्हें चंबा शहर के समीप घोल्टी गांव से खोजा। मेडिकल जांच के बाद लड़कियों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया है। जानकारी के अनुसार, गत दिवस चुराह की एक दूरस्थ पंचायत से ये दोनों नाबालिग लड़कियां अचानक अपने घर से लापता हो गईं। परिजनों ने उनकी हरसंभव जगह तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद दोनों नाबालिग लड़कियों के पिता ने तीसा पुलिस थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। रिपोर्ट दर्ज होते ही पुलिस टीम तुरंत हरकत में आई और नाबालिग लड़कियों की तलाश शुरू कर दी। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस को उनकी मौजूदगी घोल्टी गांव के पास मिली। पुलिस ने तत्काल घोल्टी गांव पहुंचकर दोनों नाबालिग लड़कियों को बरामद कर लिया और उनके परिजनों को सूचित किया। लापता होने के कारणों की जांच कर रही पुलिस बरामदगी के बाद पुलिस ने नाबालिग लड़कियों का मेडिकल करवाया। इसके उपरांत उन्हें उनके परिजनों को सौंप दिया गया। नाबालिगों के अदालत में बयान दर्ज करने की प्रक्रिया सोमवार को पूरी की जाएगी। पुलिस फिलहाल उनके अचानक घर से लापता होने के कारणों का पता लगा रही है। चंबा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) विजय कुमार सकलानी ने इस मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि घर से लापता हुई दोनों नाबालिग लड़कियों को तलाश कर परिजनों के हवाले कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *