चंबा जिले में नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस ने सारू के पास एक व्यक्ति को 467 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी पंजाब का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (SIU) चंबा की टीम इंस्पेक्टर गगन के नेतृत्व में सुबह करीब 4:30 बजे सारू के पास नियमित गश्त और नाकाबंदी पर तैनात थी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को आते-जाते देखा। संदिग्ध हाव-भाव के कारण पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की और तलाशी ली। आरोपी गिरफ्तार, चरस बरामद तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 467 ग्राम चरस बरामद हुई। आरोपी की पहचान वीरेंद्र शर्मा (48) निवासी नांगल कोटली, जिला गुरदासपुर (पंजाब) के रूप में हुई है। पुलिस ने वीरेंद्र शर्मा के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। मामले की जांच में जुटी पुलिस प्रारंभिक पूछताछ में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी यह नशीला पदार्थ कहां से लाया था और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। पुलिस अधीक्षक चंबा, विजय कुमार सकलानी ने बताया कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान सख्ती से जारी रहेगा। उन्होंने जनता से अपील की कि यदि उन्हें अपने आसपास नशे से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।