चंबा में गश्त के दौरान वन मित्र पर हमला:पिकअप से आए बदमाश, डंडों से पीटा, जान से मारने की धमकी देकर फरार

चंबा जिले के चुराह वनमंडल की खैरना बीट में एक वन मित्र पर दो लोगों ने हमला कर दिया। आरोपियों ने उसे डंडों से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता वन मित्र ओम प्रकाश (25), निवासी सागवाड़ी, डाकघर ऐल, तहसील चुराह ने बताया कि यह घटना 24 फरवरी को दोपहर करीब 3 बजे हुई। वह वन रक्षक सतीश कुमार के साथ खैरना बीट में नियमित गश्त पर थे। जब वे खैरना गांव के पास सड़क किनारे दुकानों के समीप पहुंचे, तो अयाल की ओर से एक पिकअप तेज रफ्तार से आई और अचानक उनके सामने रुक गई। आरोपियों ने किया डंडों से हमला वाहन से ड्राइवर और और एक अन्य व्यक्ति उतराऔर गाली-गलौच करते हुए डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में ओम प्रकाश के हाथ और पसलियों में गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद वन रक्षक सतीश कुमार ने हस्तक्षेप कर किसी तरह उन्हें बचाया। जान से मारने की धमकी देकर फरार इस दौरान आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए उसी वाहन में बैठकर सदारूनी की ओर फरार हो गए। घायल कर्मचारी का चिकित्सीय परीक्षण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तीसा में कराया गया, जहां चोटों की पुष्टि हुई है। पुलिस थाना तीसा में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। हालांकि, अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। चंबा के एसपी विजय कुमार सकलानी ने बताया कि वन मित्र पर हमले की शिकायत मिली है। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *