आंदर थाना क्षेत्र के चकरी नगर में मंगलवार सुबह एक तेज रफ्तार बोलेरो ने टहल रहे युवक को रौंद दिया। इस हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना चकरी बाईपास मुख्य मार्ग पर पुल के समीप हुई। मृतक की पहचान चकरी गांव निवासी 55 वर्षीय सुजीत शर्मा के रूप में हुई है, जो स्व. जनकदेव शर्मा के पुत्र थे। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के भतीजे और पड़ोसियों ने बताया कि सुजीत शर्मा मंगलवार सुबह करीब 6 बजे चकरी बाईपास नहर के समीप रोज की तरह टहल रहे थे। इसी दौरान गांव के बगल के एक बोलेरो चालक ने उन्हें टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। चालक की पहचान कर ली गई है। सुजीत शर्मा गांव में मजदूरी का काम करते थे। उनके परिवार में पत्नी विमला देवी, दो पुत्र और एक पुत्री हैं। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने बोलेरो चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।