मंगलवार को बिहार पुलिस सप्ताह-2026 के अवसर पर चम्पानगर थाना परिसर से नशामुक्ति जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व थाना प्रभारी अनुपम राज ने किया। रैली में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय जगनी चम्पानगर और अन्य विद्यालयों से बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं, स्थानीय जनप्रतिनिधि और पुलिस पदाधिकारी शामिल हुए। यह रैली थाना परिसर से शुरू होकर चम्पानगर बाजार से होते हुए पेट्रोल पंप चौराहे तक पहुंची। इसके बाद, बैधनाथ उच्च विद्यालय जगनी चम्पानगर स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय पहुंचकर रैली का समापन किया गया। समापन पर छात्रों को चॉकलेट और बिस्किट वितरित किए गए। रैली के दौरान, प्रतिभागियों ने नशामुक्ति से संबंधित स्लोगन लिखी तख्तियां और बैनर हाथों में लेकर आमजन को जागरूक किया। “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो” और “स्वस्थ समाज, सुरक्षित भविष्य” जैसे नारों के माध्यम से युवाओं और अभिभावकों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया। पुलिस पदाधिकारियों ने लोगों को बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार और समाज की सामाजिक व आर्थिक स्थिति को भी कमजोर करता है। छात्र-छात्राओं ने नशामुक्ति और सामाजिक जागरूकता से जुड़े विषयों पर अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियां दीं, जिनमें यह संदेश दिया गया कि नशामुक्त समाज ही स्वस्थ और प्रगतिशील राष्ट्र की आधारशिला है। थाना प्रभारी अनुपम राज और अपर थाना प्रभारी मुक्तेश्वर राय ने संयुक्त संबोधन में कहा कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक जागरूकता और जनकल्याण के कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाती है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नशे से दूर रखने के लिए सतर्क रहें और समाज में सकारात्मक वातावरण निर्माण में सहयोग करें। इस जागरूकता रैली में पूर्व जिला परिषद सदस्य सुनील मेहता, सांसद प्रतिनिधि ब्रह्मदेव मेहता तथा नगर पंचायत चम्पानगर के वार्ड पार्षदों के प्रतिनिधि विजय कुमार विश्वास, विजय कुमार साह और तबरेज आलम सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी शामिल थे।