चरखी दादरी में पुलिस ASI की हार्ट अटैक से मौत:गुरुग्राम में तैनात थे; दो बच्चों का पिता था, राजकीय सम्मान से अंतिम संस्कार

चरखी दादरी जिले के गांव कुब्जा नगर निवासी हरियाणा पुलिस के सहायक उप-निरीक्षक (एएसआई) विजय कुमार का मंगलवार सुबह आकस्मिक निधन हो गया। 44 वर्षीय विजय कुमार गुरुग्राम पुलिस लाइन में तैनात थे। घर पर उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा, जिससे उनकी मृत्यु हो गई। विजय कुमार के निधन की खबर से पुलिस विभाग और उनके पैतृक गांव कुब्जा नगर में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों ने बताया कि विजय कुमार एक कर्मठ और ईमानदार पुलिस अधिकारी थे, जिन्होंने हमेशा अपनी ड्यूटी को प्राथमिकता दी। 23 वर्षों तक पुलिस में निभाई सेवा विजय कुमार वर्ष 2003 में हरियाणा पुलिस में भर्ती हुए थे। लगभग 23 वर्षों के सेवाकाल में उन्होंने विभिन्न पदों पर रहते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन किया। वर्तमान में वे गुरुग्राम पुलिस में एएसआई के पद पर कार्यरत थे। पत्नी, दो बच्चों को छोड़ गया पीछे विजय कुमार अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और एक बेटी सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन से परिवार में गहरा शोक व्याप्त है। राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार एएसआई विजय कुमार का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव कुब्जा नगर में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया। हरियाणा पुलिस की टुकड़ी ने हवा में फायर कर अपने साथी को अंतिम विदाई दी और शोक सलामी अर्पित की। अधिकारियों और ग्रामीणों ने दी श्रद्धांजलि अंतिम संस्कार में पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शिरकत की और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। दादरी के नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। पुलिस ने की इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई पुलिस ने मृतक के बड़े भाई वीरेंद्र के बयानों के आधार पर इत्तफाकिया मौत (सीआरपीसी 174) की कार्रवाई की है। प्राथमिक जांच में मौत का कारण कार्डियक अरेस्ट बताया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *