भास्कर न्यूज | जालंधर चीमा नगर में अवैध तौर पर पेड़ों को काटने का एक और मामला सामने आया है। पर्यावरण प्रेमी तेजस्वी मिन्हास ने इसकी शिकायत मुख्यमंत्री, डीआईजी, डीसी और नगर निगम में की है। मिन्हास ने बताया कि 15 से ज्यादा हरे-भरे पुराने पेड़ों को जमीन से एक फुट ऊपर से काट दिया गया है। कई अन्य पेड़ों को विकृत कर दिया गया है। इन पेड़ों की कटाई 5 अक्टूबर की रात और 6 अक्टूबर को की गई। सूचना पाकर पर्यावरण प्रेमी मौके पर पहुंचे और स्थिति जांची। शिकायत में पेड़ों की इस तरह की अवैध कटाई पर तुरंत रोक लगाने की मांग की गई है। यह पंजाब वृक्ष संरक्षण अधिनियम, 2025 का उल्लंघन है। आरोपी ने न केवल सरकारी संपत्ति को नष्ट किया है, बल्कि उसे लाभ के लिए बेच भी दिया है। यह सभी स्थानीय, राज्य और राष्ट्रीय कानूनों के विरुद्ध है। जिसने भी पेड़ कटवाए हैं उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। बता दें कि पार्क में एक पुस्तकालय भी है जिसका उद्घाटन मोहिंदर सिंह केपी ने साल 2006 को किया था। आरोप है कि पुस्तकालय को निजी उद्देश्यों के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। पुस्तकालय में किताबें या अलमारियां नहीं है।