छुट्टे पैसों को लेकर भिड़े लेडी क्लर्क-यात्री, VIDEO:जालंधर कैंट स्टेशन पर टिकट देने से किया मना; शख्स बोला- मेरे पास ₹200 का ही नोट

जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन 50-50 रुपए के 2 नोट न लाने पर महिला टिकट क्लर्क और यात्री के बीच विवाद हो गया। यात्री ने टिकट लेने के लिए 200 रुपए का नोट दिया, लेकिन महिला क्लर्क ने चेंज लाने को कहा और कहा कि उसके पास लौटाने के लिए पर्याप्त छुट्टे नहीं हैं। जिससे कहासुनी शुरू हो गई। यात्री ने कहा कि काउंटर पर पैसे होने के बावजूद उसे टिकट नहीं दिया जा रहा। न तो ऑनलाइन पेमेंट ले रही हैं और न ही आप छुट्टे पैसे दे रही हैं। जबकि महिला कर्मचारी ने कहा कि अगर वह सारे छुट्टे दे देगी तो बाकी यात्रियों को पैसे कैसे लौटाएगी। बहस बढ़ने पर महिला क्लर्क ने यात्री को उसके 200 रुपए वापस कर दिए और टिकट देने से मना कर दिया। यात्री ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर डालने की बात कही, जिसके बाद मामला और बढ़ गया। महिला कर्मी ने रेलवे पुलिस बुलाने की धमकी दे डाली। महिला क्लर्क और यात्री के बीच हुई बहस… यात्री- आपके पास चेंज पैसे पड़े हैं तो आप मुझे पूरे पैसे वापस क्यों नहीं कर रहे
महिला क्लर्क- जो 100 रुपए दिए वो भी इधर लाओ, (पैसे छीनते हुए) ये लो 200 रुपए और जाओ
यात्री- टिकट दो मेरी
महिला क्लर्क- मैं नहीं दूंगी टिकट
यात्री- क्यों नहीं देनी है टिकट
महिला क्लर्क- नहीं देनी है
यात्री- ये वाडियो डाल दूंगा इंस्टाग्राम पर
महिला क्लर्क- जा, डाल दे
यात्री- सभी जगह इस वीडियो को शेयर करूंगा
महिला क्लर्क- जा करदे, तू कर ही नहीं सकता
यात्री- मैम आप चेंज क्यों नहीं दे रहे पैसे
महिला क्लर्क- क्यों नहीं दे रही, मैंने तुम्हें कहा कि मुझे खुल्ले पैसे दे दे
यात्री- मैंने दिए तो थे 200 रुपए
महिला क्लर्क- तुझे कहा था कि बाहर से 50-50 के 2 नोट ले आओ
यात्री- 200 रुपए से ऊपर मेरे पास 500 रुपए हैं
महिला क्लर्क- मैंने इसलिए ही तो कहा था कि बाहर से खुल्ले ले आओ
यात्री- मैं कहां से लेकर आऊं, आपके पास खुल्ले पड़े हैं
महिला क्लर्क- मेरे पास बहुत कम पैसे हैं, ये सारे तुम्हें दे दूंगी तो मैं यहां बैठकर क्या करुंगी
यात्री- मैं तो कह रहा हूं, ऑनलाइन ले लो
महिला क्लर्क- मैंने पहले कहा था कि पैसे खुल्ले देना
यात्री- ये देख लो जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन के हालात
महिला क्लर्क- तू डाल दे वीडियो, मैं अभी आरपीएफ वालों को बुलाती हूं
यात्री- कोई बात नहीं, ठीक है वीडियो इंटरनेट पर डालने की बात पर दी RPF की धमकी
जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन के टिकट काउंटर के वीडियो क्लिप में काउंटर के अंदर बैठी महिला टिकट लेने आए यात्री से बेहद गुस्से में बात करती नजर आती है। छुट्‌टे पैसे मांगने पर वह पैसेंजर का टिकट रख लेती है और उसे RPF की धमकी भी देती है। जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन के टिकट काउंटर का काम संभाल रही एक महिला कर्मचारी, पैसेंजर के छुट्टा मांगते ही भड़क उठती है। चेंज न देने की वजह बताती है कि उनके पास खुल्ले नहीं हैं। इस मामले में अब रेलवे ने पैसेंजर को हुई असुविधा के लिए खेद जताया है। एक्स यूजर ने लिखा- रेलवे महिला स्टाफ का बेहद खराब व्यवहार कल्पना श्रीवास्तव यूजर ने रेलवे मिनिस्ट्री और फिरोजपुर डिविजन के डीआरएम को वीडियो टैग करते हुए मामले में संज्ञान लेने को कहा। साथ ही लिखा कि जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन पर रेलवे महिला स्टाफ का बेहद खराब व्यवहार। पैसे का छुट्टा नहीं दिया तो उल्टा धमकी दी कि RPF को बुला रहे हैं और टिकट भी नहीं दिया। कल्पना ने आगे लिखा कि यह सीधा यात्रियों के साथ धोखाधड़ी है। ऐसे कर्मचारी को तुरंत निलंबित कर जांच की जाए। जालंधर कैंट की इस पोस्ट पर लोगों के कमेंट्स आ रहे हैं कि महिला के खिलाफ एक्शन लिया जाए। इस पर फिरोजपुर डिविजन के डीआरएम का तुरंत रिप्लाई आया और लिखा कि आप अपना मोबाइल नंबर शेयर करें ताकि कंप्लेट की जा सके। डीआरएम ने कहा- कोई भी कर्मचारी किसी यात्री से बदतमीजी नहीं कर सकता। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *