जगदीशपुर के बाबा योगेश्वर नाथ मंदिर में महाशिवरात्रि की तैयारी:शिव विवाह झांकियां, अखंड हरिकीर्तन और जलाभिषेक का आयोजन होगा

जगदीशपुर की ऐतिहासिक नगरी में महाशिवरात्रि पर्व की सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं। नगर के प्रसिद्ध द्वापरयुगीन बाबा योगेश्वर नाथ शिव मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा और भव्य आयोजन के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। मंदिर परिसर की साफ-सफाई, आकर्षक लाइटिंग और विशेष सज्जा का कार्य संपन्न हो चुका है। महाशिवरात्रि की पूर्व संध्या पर शनिवार शाम 4 बजे से 12 घंटे का अखंड हरिकीर्तन शुरू हुआ। इसमें देर रात तक श्रद्धालु भक्ति में लीन रहे। शनिवार शाम की आरती के दौरान मंदिर प्रांगण में भारी भीड़ उमड़ी और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से पूरा वातावरण गूंज उठा। मंदिर समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र साह ने बताया कि अखंड हरिकीर्तन के समापन के बाद रविवार, महाशिवरात्रि की सुबह समिति द्वारा संयुक्त जलाभिषेक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके बाद सुबह 11 बजे से स्थानीय और बाहरी कलाकारों द्वारा भजन-कीर्तन की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। श्रद्धालुओं के विशेष आकर्षण के लिए मंदिर प्रांगण में तीन भव्य झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी। पहली झांकी में झूले पर विराजमान भगवान शंकर और माता पार्वती का दृश्य होगा। दूसरी झांकी में कुंवारी पार्वती द्वारा भगवान शंकर का पूजन दर्शाया जाएगा। तीसरी और प्रमुख झांकी में शिव विवाह की भव्य प्रस्तुति होगी। इन झांकियों में भगवान शंकर के भेष में सुरुचि कुमारी, माता पार्वती के रूप में पूजा कुमारी और कुंवारी पार्वती की भूमिका में पूजा कुमारी-2 सजीव अभिनय करेंगी। रविवार शाम 4 बजे मंदिर परिसर में सामूहिक हवन का आयोजन होगा, जिसमें नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के शिव भक्तों को आमंत्रित किया गया है। हवन के समापन के बाद शिव जी सह छठिया पोखरा के तट पर भव्य महाआरती का आयोजन किया जाएगा, जिसके बाद प्रसाद वितरण होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *