जदयू में शामिल होने के बाद निशांत पहुंचे गांंव:कहा- पापा के विकास के काम को आगे बढ़ाएंगे, आज मैंने दादा-दादी का आशीर्वाद लिया

जनता दल यूनाइटेड (जदयू) में औपचारिक रूप से शामिल होने के बाद आज निशांत कुमार पहली बार अपने पैतृक गांव कल्याण विगहा पहुंचे। यहां उन्होंने कहा है कि वो अपने पापा के विकास के काम को आगे बढ़ाएंगे और आज दादा-दादी का आशीर्वाद लिया है। राजनीति में सक्रिय पारी की शुरुआत के बाद अपने पैतृक गांव के इस पहले दौरे को लेकर कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। समर्थकों ने यहां भावी सीएम होने के नारे लगाए हैं। भारी सुरक्षा घेरे के बीच जब दोपहर करीब 3:30 बजे निशांत कुमार का काफिला गांव की सीमा में दाखिल हुआ, तो सैकड़ों की संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं के साथ उनका भव्य स्वागत किया। पूर्वजों की प्रतिमा पर अर्पित की पुष्पांजलि कल्याण विगहा पहुंचने के बाद निशांत कुमार सीधे ‘रामलखन सिंह वाटिका’ गए। वहां उन्होंने अपने दादा स्वर्गीय राम लखन सिंह, दादी परमेश्वरी देवी और माता स्वर्गीय मंजू सिंह की आदमकद प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान वे काफी भावुक नजर आए। वाटिका में नमन करने के बाद उन्होंने गांव के स्थित देवी स्थान में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। नारों से गूंजा कल्याण विगहा, समर्थकों में भारी जोश निशांत कुमार के आगमन को लेकर रामलखन सिंह वाटिका और आसपास के क्षेत्रों में तैयारी पहले से ही पूरी कर ली गई थी। उनके स्वागत में जुटे कार्यकर्ताओं का जोश सातवें आसमान पर था। स्वागत के दौरान समर्थकों ने न केवल ‘निशांत कुमार जिंदाबाद’ के नारे लगाए, बल्कि ‘बिहार का सीएम कैसा हो, निशांत भैया जैसा हो’ के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। इन नारों ने राजनीतिक गलियारों में भविष्य की नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। अपनों के बीच पहुंचे निशांत धार्मिक अनुष्ठान और पुष्पांजलि के बाद निशांत कुमार अपने पैतृक आवास पहुंचे, जहां वे फिलहाल रुककर स्थानीय कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों से मुलाकात की। उन्होंने लोगों की बातें सुनीं और कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया। गांव के लोगों के बीच वे बिल्कुल सहज अंदाज में नजर आए। सुरक्षा के लिहाज से प्रशासन की ओर से भी कड़े इंतजाम किए गए थे ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके। जदयू में शामिल होने के बाद निशांत कुमार की इस पहली यात्रा को उनके राजनीतिक भविष्य और क्षेत्र में उनकी पकड़ को मजबूत करने के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। इस अवसर पर निशांत कुमार ने कहा कि जो उनके पिता नीतीश कुमार ने बिहार के लिए 20 साल में विकास किया है। वह उसे आगे बढ़ाएंगे। आज यहां कई विधायक पहुंचे और हम लोग परिवार की तरह हैं। आज हमने यहां दादा-दादी और मां का आशीर्वाद लिया। मेरी कोशिश रहेगी कि काम करके जनता के दिल को जीता जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *